menu-icon
India Daily

बारिश ने रोकी दिल्ली-NCR की रफ्तार! सड़कें बनीं तालाब, अस्पताल में घुसा पानी; कब तक बरसेंगे बदरा?

दिल्ली-NCR में शुक्रवार की लगातार बारिश ने कई इलाकों में जलभराव और ट्रैफिक की रफ्तार रोक दी. फरीदाबाद में 119.4 मिमी बारिश दर्ज हुई. IMD ने अगले दिनों में भी बारिश का अनुमान जताया है.

KanhaiyaaZee
बारिश ने रोकी दिल्ली-NCR की रफ्तार! सड़कें बनीं तालाब, अस्पताल में घुसा पानी; कब तक बरसेंगे बदरा?
Courtesy: X/@ANI

नई दिल्ली: दिल्ली-NCR में शुक्रवार को हुई लगातार बारिश ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दीं. राजधानी के कई हिस्सों में सड़कें पानी से भर गईं, जबकि फरीदाबाद और आसपास के इलाकों में भी जलभराव की स्थिति बनी. कई प्रमुख मार्गों पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं. सफदरजंग अस्पताल परिसर में भी बारिश का पानी पहुंच गया, जिससे मरीजों और उनके परिजनों को परेशानी हुई. मौसम विभाग ने अगले कुछ घंटों के दौरान कई इलाकों में गरज-चमक के साथ तेज बारिश की संभावना जताई है.

शुक्रवार की बारिश के बाद दिल्ली के छतरपुर फार्म इलाके में जलभराव की सूचना सामने आई. फरीदाबाद के सेक्टर-35 सहित कई हिस्से भी पानी से प्रभावित हुए. लगातार बारिश के कारण प्रमुख सड़कों पर वाहनों की रफ्तार धीमी रही. कई स्थानों पर लंबा ट्रैफिक जाम लगा और लोगों को अपने गंतव्य तक पहुंचने में सामान्य से अधिक समय लगा.

सफदरजंग अस्पताल में भी घुसा बारिश का पानी

भारी बारिश का असर सफदरजंग अस्पताल परिसर में भी दिखाई दिया. अस्पताल के भीतर कई हिस्सों में पानी भरने से मरीजों और उनके साथ आए लोगों को आने-जाने में परेशानी हुई. एक मरीज के तीमारदार आरिफ खान ने बताया कि अस्पताल परिसर की कई जगहों पर पानी जमा था और गैलरी में भी पानी पहुंच गया था. इससे मरीज को एक स्थान से दूसरे स्थान तक ले जाना मुश्किल हो रहा था.

फरीदाबाद में 119.4 मिमी बारिश

दिल्ली-NCR में शुक्रवार को कई मौसम केंद्रों पर भारी बारिश दर्ज की गई. मौसम पूर्वानुमानकर्ता नवदीप धैया की ओर से साझा आंकड़ों के मुताबिक, शाम 5 बजे तक फरीदाबाद के सेक्टर-17 में आधी रात से 119.4 मिमी बारिश दर्ज हो चुकी थी. यह उस समय NCR क्षेत्र में सबसे अधिक दर्ज बारिश थी. लगातार बारिश ने दिल्ली के साथ हरियाणा और उत्तर प्रदेश के कई हिस्सों को भी प्रभावित किया.

अगले दो घंटे भी तेज बारिश का अलर्ट

भारत मौसम विज्ञान विभाग ने दिल्ली-NCR में अगले दो घंटों के दौरान कई स्थानों पर मध्यम से भारी बारिश के साथ गरज और बिजली गिरने की संभावना जताई. लोनी देहात, हिंडन एयर फोर्स स्टेशन, गाजियाबाद, इंदिरापुरम, छपरौला, नोएडा, दादरी और ग्रेटर नोएडा में बारिश की संभावना बताई गई. गुरुग्राम, फरीदाबाद और मानेसर में भी हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है.

8 से 13 अगस्त तक कैसा रहेगा मौसम

IMD के अनुसार, 8 अगस्त को दिल्ली में बादल छाए रहने के साथ मध्यम बारिश हो सकती है. 9 अगस्त से 13 अगस्त तक हल्की बारिश या फुहारें पड़ने की संभावना बनी रहेगी. इस दौरान अधिकतम तापमान करीब 31 से 34 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 23 से 25 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है. यानी आने वाले दिनों में उमस के साथ बारिश का दौर जारी रह सकता है.