पटना: बिहार में मानसून की सक्रियता के चलते मौसम का मिजाज फिलहाल बना हुआ है. पटना समेत कई जिलों में बादलों की आवाजाही और बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है. मौसम विज्ञान केंद्र पटना के अनुसार, अगले 24 घंटे के दौरान राज्य के कई हिस्सों में छिटपुट बारिश हो सकती है. इस दौरान भभुआ और किशनगंज के एक-दो स्थानों पर मेघ गर्जन के साथ भारी वर्षा की चेतावनी जारी की गई है.राजधानी पटना में शनिवार को 23.1 मिमी बारिश दर्ज की गई, जबकि सिवान के सिसवन में सबसे अधिक 40.2 मिमी वर्षा हुई. बारिश के बीच कई जिलों में अधिकतम तापमान में गिरावट देखने को मिली, लेकिन बादलों और धूप की आवाजाही के कारण उमस बनी रही. मौसम विभाग ने अगले तीन दिनों में तापमान में दो से तीन डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी का अनुमान जताया है.
मौसम विभाग ने भभुआ और किशनगंज जिले के एक या दो स्थानों पर भारी बारिश की चेतावनी जारी की है. इन इलाकों में बारिश के साथ मेघ गर्जन भी हो सकता है. मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, मानसून ट्रफ दिल्ली, देवमाली और दीघा से होते हुए दक्षिण पूर्व दिशा की ओर बढ़ रही है. यह पूर्व मध्य बंगाल की खाड़ी से होकर गुजर रही है. इसके प्रभाव से राज्य में वर्षा की गतिविधियां बनी रहने की संभावना है.
बीते 24 घंटे के दौरान पटना समेत बिहार के अलग अलग हिस्सों में बारिश रिकॉर्ड की गई. राजधानी पटना में 23.1 मिमी, बेलछी में 26.6 मिमी और फुलवारीशरीफ में 20.8 मिमी बारिश हुई. इस दौरान सिवान के सिसवन में सबसे ज्यादा 40.2 मिमी वर्षा दर्ज की गई. बारिश के कारण कई इलाकों में मौसम में बदलाव महसूस हुआ. हालांकि, बारिश के बीच उमस ने लोगों की परेशानी भी बढ़ाई.
शनिवार को पटना और आसपास के इलाकों में मौसम का मिला जुला असर देखने को मिला. आसमान में बादलों की आवाजाही के साथ कई बार तीखी धूप भी निकली. इस वजह से वातावरण में उमस बनी रही. पटना समेत राज्य के 17 जिलों के अधिकतम तापमान में गिरावट दर्ज की गई. राजधानी में अधिकतम तापमान 33.3 डिग्री सेल्सियस रहा. वहीं कैमूर और फारबिसगंज में 35.4 डिग्री सेल्सियस के साथ सबसे अधिक तापमान दर्ज किया गया.
मौसम विभाग ने अगले तीन दिनों के दौरान बिहार के तापमान में दो से तीन डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी का अनुमान जताया है. प्रमुख शहरों में गया का अधिकतम तापमान 32.6 और न्यूनतम 26.0 डिग्री सेल्सियस रहा. भागलपुर में अधिकतम तापमान 33.7 और न्यूनतम 26.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ. मुजफ्फरपुर में अधिकतम तापमान 32.8 और न्यूनतम 27.7 डिग्री सेल्सियस रहा. पटना में न्यूनतम तापमान 27.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया.