menu-icon
India Daily

बिहार इंटर बोर्ड परीक्षा में बेटियों का दबदबा लेकिन साइंस में आदित्य प्रकाश अमन ने मारी बाजी, मिलेगा 2 लाख रुपये का पुरस्कार

बिहार बोर्ड इंटर 2026 के रिजल्ट में समस्तीपुर के आदित्य प्रकाश अमन ने 96.20 प्रतिशत अंक के साथ टॉप किया. उन्हें 2 लाख रुपये का पुरस्कार मिलेगा. इस साल 85.19 प्रतिशत छात्र पास हुए और टॉपर्स में छात्राओं का दबदबा रहा.

Km Jaya
Edited By: Km Jaya
बिहार इंटर बोर्ड परीक्षा में बेटियों का दबदबा लेकिन साइंस में आदित्य प्रकाश अमन ने मारी बाजी, मिलेगा 2 लाख रुपये का पुरस्कार
Courtesy: Pinterest

पटना: बिहार में इंटरमीडिएट परीक्षा 2026 के नतीजे घोषित हो गए हैं, जिसमें छात्रों ने शानदार प्रदर्शन किया है. बिहार विद्यालय परीक्षा समिति ने 23 मार्च को प्रेस कॉन्फ्रेंस के माध्यम से रिजल्ट जारी किया. इस मौके पर शिक्षा मंत्री सुनील कुमार और बोर्ड अध्यक्ष आनंद किशोर मौजूद रहे.

इस बार साइंस स्ट्रीम में समस्तीपुर के आदित्य प्रकाश अमन ने 581 अंक यानी 96.20 प्रतिशत के साथ टॉप कर इतिहास रच दिया. उनकी इस उपलब्धि पर उन्हें 2 लाख रुपये का पुरस्कार दिया जाएगा. आदित्य की सफलता ने पूरे बिहार का नाम रोशन किया है और वह लाखों छात्रों के लिए प्रेरणा बन गए हैं.

साइंस स्ट्रीम में दूसरे स्थान पर कौन रहा?

साइंस स्ट्रीम में दूसरे स्थान पर सीतामढ़ी की साक्षी कुमारी और नवादा की सपना कुमारी रहीं, जिन्होंने 95.8 प्रतिशत अंक हासिल किए. इसके अलावा लक्की अंसारी भी टॉपर्स की सूची में शामिल रहे. तीसरे स्थान पर बेगूसराय की अनामिका कुमारी ने 95.6 प्रतिशत अंक प्राप्त किए.

आर्ट्स स्ट्रीम में किसने किया टॉप?

वहीं आर्ट्स स्ट्रीम में गया जिले की निशु कुमारी ने 479 अंक यानी 95.8 प्रतिशत के साथ पहला स्थान हासिल किया. दूसरे स्थान पर सीतामढ़ी की सिद्धि शुक्ला और लखीसराय के चंद्रदीप कुमार रहे. आर्ट्स में भी छात्रों ने शानदार प्रदर्शन किया और कई छात्रों ने 95 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त किए.

शिक्षा मंत्री सुनील कुमार ने क्या कहा?

शिक्षा मंत्री सुनील कुमार के अनुसार इस वर्ष कुल 85.19 प्रतिशत छात्र-छात्राएं इंटर परीक्षा में सफल हुए हैं. खास बात यह है कि इस बार छात्राओं का प्रदर्शन छात्रों से बेहतर रहा. जहां 86.23 प्रतिशत छात्राएं पास हुईं, वहीं छात्रों का पास प्रतिशत 84.29 रहा.

किसका रहा दबदबा?

टॉपर्स की सूची में भी छात्राओं का दबदबा देखने को मिला. कुल 26 टॉपर्स में से 19 छात्राएं हैं. यह आंकड़ा शिक्षा के क्षेत्र में बेटियों की बढ़ती भागीदारी और सफलता को दर्शाता है. कॉमर्स और आर्ट्स में छात्राओं ने टॉप किया, जबकि साइंस में आदित्य प्रकाश अमन ने बाजी मारी.

बोर्ड की ओर से जारी टॉपर्स सूची में दरभंगा, मुजफ्फरपुर, सहरसा, सीवान और अररिया जैसे जिलों के छात्रों ने भी जगह बनाई है. इससे साफ है कि राज्य के अलग-अलग हिस्सों से प्रतिभाएं सामने आ रही हैं.