menu-icon
India Daily

F&O में मत घुसना वरना...IPL से रिटायरमेंट पर क्यों वायरल हो रही युवाओं को धोनी की सलाह

एमएस धोनी की F&O ट्रेडिंग से दूर रहने की सलाह सोशल मीडिया पर फिर चर्चा में है. उन्होंने युवाओं को जोखिम समझकर निवेश करने और नुकसान से बचने की सलाह दी.

Sagar
Edited By: Sagar Bhardwaj
F&O में मत घुसना वरना...IPL से रिटायरमेंट पर क्यों वायरल हो रही युवाओं को धोनी की सलाह
Courtesy: X

भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी ने मंगलवार को IPL से संन्यास लेने का ऐलान किया. इस मौके पर उनकी शेयर बाजार को लेकर दी गई एक पुरानी सलाह सोशल मीडिया पर फिर चर्चा में है. इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) से उनके संन्यास और चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) में नई भूमिका की घोषणा के बीच उनका फ्यूचर एंड ऑप्शन (F&O) ट्रेडिंग से दूर रहने वाला बयान सुर्खियों में आ गया है. धोनी ने युवा और नए निवेशकों को आगाह किया था कि इस बाजार में बिना जानकारी और अनुभव के उतरना भारी पड़ सकता है.

अक्टूबर 2024 में दिया था बयान

धोनी ने अक्टूबर 2024 में एक सार्वजनिक कार्यक्रम के दौरान शेयर बाजार और F&O ट्रेडिंग के जोखिमों पर अपनी राय रखी थी. उन्होंने कहा था कि निवेशकों को ऐसे जोखिम नहीं उठाने चाहिए, जिनमें पैसा गंवाने की स्थिति को वे संभाल न सकें. उन्होंने बाजार में ट्रेडर्स के तेजी से बदलते नजरिए पर भी टिप्पणी की थी. धोनी के मुताबिक, कुछ ट्रेडर्स एक दिन बाजार में खरीदारी का मौका बताते हैं, जबकि अगले ही दिन इसे बिकवाली का अवसर बताने लगते हैं.

'F&O में मत घुसना, बाहर निकलना मुश्किल होगा'

धोनी ने खासतौर पर युवा और अनुभवहीन ट्रेडर्स को F&O से दूर रहने की सलाह दी थी. उन्होंने कहा था, 'कृपया F&O में मत घुसना, क्योंकि इससे बाहर निकलना मुश्किल होगा.' उन्होंने यह भी कहा था कि अगर किसी को रोमांच की तलाश है तो इसके लिए कई दूसरी गतिविधियां मौजूद हैं. इसके लिए डेरिवेटिव ट्रेडिंग में अपनी किस्मत आजमाने की जरूरत नहीं है. उनके मुताबिक, F&O ट्रेडिंग को संभालने के लिए पेशेवर अनुभव जरूरी है.

90% ट्रेडर्स के नुकसान का किया था जिक्र

धोनी ने रिटेल ट्रेडर्स को होने वाले नुकसान का जिक्र करते हुए कहा था कि ट्रेडिंग ऐप पर लॉगिन करते समय ही निवेशकों को चेतावनी दी जाती है कि F&O में करीब 90 प्रतिशत ट्रेडर्स को नुकसान होता है, जबकि केवल 10 प्रतिशत लोग मुनाफा कमाते हैं. उन्होंने मजाकिया अंदाज में कहा था कि वह जानना चाहते हैं कि ये 10 प्रतिशत लोग कौन हैं, जो बाकी लोगों के पैसे से अमीर बन रहे हैं. धोनी की इन टिप्पणियों से यह भी संकेत मिला था कि उन्होंने खुद F&O ट्रेडिंग से दूरी बना ली थी. ऑल टाइम हाई पर शेयर खरीदने से भी बचते हैं धोनी

धोनी ने शेयर बाजार में निवेश करने के अपने तरीके के बारे में भी बताया था. उन्होंने कहा था कि वह आमतौर पर उन शेयरों को खरीदने से बचते हैं, जो अपने ऑल टाइम हाई यानी अब तक के सबसे ऊंचे भाव पर कारोबार कर रहे होते हैं. उनके मुताबिक, ऐसे शेयर उनकी निवेश रणनीति का हिस्सा नहीं हैं.

IPL से विदाई, CSK में संभालेंगे मेंटर की जिम्मेदारी

धोनी की यह पुरानी सलाह ऐसे समय फिर चर्चा में आई है, जब उन्होंने IPL में अपने खिलाड़ी के रूप में सफर को अलविदा कह दिया है. चेन्नई सुपर किंग्स ने मंगलवार, 17 नवंबर को घोषणा की कि धोनी IPL 2027 से टीम में मेंटर की भूमिका निभाएंगे. इसके साथ ही उनके IPL भविष्य को लेकर चल रही अटकलों पर विराम लग गया है.

धोनी IPL 2026 में पिंडली की मांसपेशियों में खिंचाव के कारण पूरे सीजन नहीं खेल पाए थे. वह 2008 में IPL की शुरुआत से ही CSK से जुड़े रहे हैं. हालांकि, टीम के निलंबन के कारण 2016 और 2017 में उन्होंने राइजिंग पुणे सुपरजायंट्स का प्रतिनिधित्व किया था.

CSK को पांच बार बनाया IPL चैंपियन

धोनी की कप्तानी में चेन्नई सुपर किंग्स ने 2010, 2011, 2018, 2021 और 2023 में IPL का खिताब जीता. इस उपलब्धि के साथ वह टूर्नामेंट के सबसे सफल कप्तानों में शामिल हैं. उनके नेतृत्व में CSK ने दो बार चैंपियंस लीग टी20 का खिताब भी अपने नाम किया.भले ही धोनी अब मैदान पर खिलाड़ी के रूप में नजर नहीं आएंगे, लेकिन मेंटर की नई भूमिका में उनका CSK के साथ जुड़ाव जारी रहेगा.