menu-icon
India Daily

50 लाख का पैकेज छोड़ मां के साथ साध्वी बनेंगी अक्षिता, AI की वजह से लिया फैसला

सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे अपने वीडियो में उन्होंने खुलकर अपने जीवन के बारे में बातें कीं जिसमें उन्होंने बताया कि उनकी अब तक की जिंदगी कैसी गुजरी और अब वह अध्यात्म की राह पर क्यों जा रही हैं.

Sagar
Edited By: Sagar Bhardwaj
50 लाख का पैकेज छोड़ मां के साथ साध्वी बनेंगी अक्षिता, AI की वजह से लिया फैसला
Courtesy: X

सोशल मीडिया पर एक सॉफ्टवेयर इंजीनियर की कहानी वायरल हो रही है. लाखों की सैलरी पाने वाली इस महिला इंजीनियर ने अब सब कुछ छोड़कर अध्यात्म की राह पर चलने का फैसला किया है. सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे अपने वीडियो में उन्होंने खुलकर अपने जीवन के बारे में बातें कीं जिसमें उन्होंने बताया कि उनकी अब तक की जिंदगी कैसी गुजरी और अब वह अध्यात्म की राह पर क्यों जा रही हैं.

50 लाख का पैकेज छोड़कर चुना अध्यात्म

गुरुग्राम की रहने वाली 37 साल की अक्षिता जैन फॉक्सवैगन कंपनी में 50 लाख के सालाना पैकेज पर काम करती हैं लेकिन अब उन्होंने सांसारिक बंधनों को त्यागकर अध्यात्म का मार्ग चुनने का फैसला किया है. यही नहीं चीफ मैनेजर रह चुकीं उनकी मां शिरोमणी भी मोह-माया त्यागकर जैन साध्वी बनने जा रही हैं. लाखों के सैलरी पैकेज को छोड़कर अध्यात्म अपनाने का फैसला अक्षिता ने यूं ही नहीं लिया, इसके पीछे छुपी है करुणा और संवेदनशीलता. 

IIM बेंगलुरु से एमबीए करने वाली अक्षिता ने फिएट, मर्सिडीज और फॉक्सवैगन जैसी दिग्गज कंपनियों में काम किया है. अक्षिता कहती हैं कि जब उनकी कंपनी में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) पर काम शुरु हुआ तो उन्हें महसूस हुआ कि डेटा सेंटर बनाने के लिए बड़े पैमाने पर जमीन की खुदाई होती है, जिससे मिट्टी में सूक्ष्म जीवों पर हिंसा होती है, जीवों के प्रति इसी करुणा के भाव ने उन्हें अध्यात्म की ओर मोड़ दिया.

वहीं उनकी मां शिरोमणी ने इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन (IOCL) में 37 साल सेवाएं देने के बाद अक्तूबर 2025 में चीफ मैनेजर के पद से रिटायरमेंट लिया. पति के निधन और पारिवारिक जिम्मेदारियों से निवृत्त होने के बाद जब वह जैन साध्वियों के संपर्क में आईं तो उन्होंने भी वैराग्य का मार्ग चुन लिया.

अब दोनों पूरी तरह से सांसारिक विषय-वासना को छोड़कर वैराग्य की ओर बढ़ने को तैयार हैं. साध्वी पूर्णप्रज्ञाश्री के सानिध्य में शिरोमणी पहले ही कई कठिन तप और धार्मिक अनुष्ठान पूरे कर चुकी हैं और अब अक्षिता भी उसी राह पर चलने जा रही हैं. तय कार्यक्रम के अनुसार, दीक्षा से पहले मंगलवार को जोधपुर में दोनों मां-बेटी का भव्य वरघोड़ा (शोभायात्रा) निकाला जाएगा जिसमें जैन समाज के साधु-साध्वियों सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल होंगे. इसके बाद चेन्नई में 25 फरवरी को विधिवत दीक्षा समारोह संपन्न होगा जिसके बाद वे सांसारिक जीवन को हमेशा के लिए अलविदा कह देंगी.