नई दिल्ली: 15 साल की उम्र में वैभव सूर्यवंशी ने वह मुकाम हासिल कर लिया है, जिसके लिए कई खिलाड़ी सालों तक संघर्ष करते हैं. IPL 2026 में उनके धमाकेदार प्रदर्शन ने उन्हें देशभर में चर्चा का विषय बना दिया है. क्रिकेट प्रेमियों के साथ-साथ आम लोगों के बीच भी उनकी लोकप्रियता लगातार बढ़ रही है. खास बात यह है कि वैभव की सफलता को बिहार की नई पहचान के रूप में भी देखा जा रहा है.
समस्तीपुर, बिहार से आने वाले वैभव सूर्यवंशी ने अभी तक भारतीय सीनियर टीम के लिए पदार्पण नहीं किया है, लेकिन IPL में उनके प्रदर्शन ने उन्हें भविष्य का बड़ा सितारा बना दिया है. उनकी बल्लेबाजी ने न केवल क्रिकेट विशेषज्ञों को प्रभावित किया है, बल्कि बिहार के युवाओं में भी नई उम्मीद जगाई है. इसमें जानी-मानी स्पोर्ट्स एंकर रिद्धिमा पाठक का नाम भी शामिल है. वह भी वैभव की तारीफ करते नहीं थक रही हैं.
लोकप्रिय स्पोर्ट एंकर रिद्धिमा पाठक ने हाल ही में सोशल मीडिया पर एक वीडियो साझा किए है जिसमें वह वैभव सूर्यवंशी की जमकर तारीफ करती नजर आ रही हैं. उनका कहना था कि वैभव ने बिहार को एक पहचान दिलाने का काम किया है. उन्होंने बताया कि पहले कई लोग बिहार से होने की बात बताने में संकोच महसूस करते थे, लेकिन अब हालात बदलते नजर आ रहे हैं. वैभव के बाद लोग गर्व से बताते हैं कि वह बिहार से हैं.
रिद्धिमा ने अपने विचार रखते हुए कहा कि समय के साथ कुछ ऐसी हस्तियां सामने आईं जिन्होंने बिहार और आसपास के क्षेत्र की छवि को बेहतर बनाने में योगदान दिया.
अब वैभव सूर्यवंशी भी उसी कड़ी का हिस्सा बन गए हैं. उनका मानना है कि युवा बल्लेबाज की उपलब्धियां बिहार के लोगों में आत्मविश्वास बढ़ाने का काम करेंगी.
वैभव सूर्यवंशी का IPL 2026 सीजन बेहद शानदार रहा. उन्होंने पूरे टूर्नामेंट में आक्रामक बल्लेबाजी करते हुए 16 मैचों में 776 रन बनाए. इस दौरान उनका स्ट्राइक रेट 237.30 रहा, जो किसी भी बल्लेबाज के लिए बेहद प्रभावशाली माना जाता है. उन्होंने कई दिग्गज गेंदबाजों के खिलाफ भी बेखौफ बल्लेबाजी की.
IPL में रिकॉर्डतोड़ प्रदर्शन के बाद अब क्रिकेट जगत में यह चर्चा तेज हो गई है कि वैभव जल्द ही भारतीय सीनियर टीम की जर्सी में नजर आ सकते हैं. कई पूर्व क्रिकेटरों और विशेषज्ञों का मानना है कि अगर वह इसी तरह प्रदर्शन करते रहे तो राष्ट्रीय टीम में उनका चयन केवल समय की बात होगी. बिहार के इस युवा सितारे ने फिलहाल अपने खेल से पूरे देश का ध्यान अपनी ओर खींच लिया है.