नई दिल्ली: अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) ने गुजरात टाइटन्स को मात देकर लगातार दूसरी बार आईपीएल का खिताब अपने नाम कर लिया. इस महा-मुकाबले की जीत के ठीक बाद सोशल मीडिया पर एक वीडियो बिना आवाज के खूब वायरल हो हुआ. इस क्लिप में दिग्गज बल्लेबाज विराट कोहली और 15 साल के युवा सनसनी वैभव सूर्यवंशी आपस में बात करते दिख रहे थे. अब आरसीबी ने इस जादुई पल का असली ऑडियो जारी कर दिया है.
आरसीबी द्वारा जारी किए गए 43 सेकंड के इस नए वीडियो में विराट कोहली युवा खिलाड़ी वैभव सूर्यवंशी का हौसला बढ़ाते हुए नजर आ रहे हैं. कोहली ने वैभव को सीख देते हुए कहा कि उन्होंने अब तक खेल के मैदान पर जो कुछ भी असाधारण मुकाम हासिल किया है, वह सिर्फ उनकी कड़ी मेहनत और खुद पर मजबूत विश्वास की बदौलत ही संभव हो पाया है. उन्होंने युवा खिलाड़ी को भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं.
बातचीत के दौरान पूर्व भारतीय कप्तान ने वैभव से बाहर के शोर और आलोचनाओं को पूरी तरह नजरअंदाज करने को कहा. कोहली ने मुस्कुराते हुए कहा, 'यहां से अब तुम्हें सिर्फ ऊपर जाना है. जो कुछ भी हुआ है, वह तुम्हारी अच्छी मेहनत और अटूट विश्वास की वजह से हुआ है. दुनिया में कौन क्या बोल रहा है, कैसे बोल रहा है, इस पर ध्यान मत दो. एक बिहारी सब पे भारी, खतम गेम.'
𝗧𝗵𝗲 𝗺𝗮𝗻 𝘄𝗵𝗼 𝗺𝗮𝗱𝗲 𝗜𝗻𝗱𝗶𝗮𝗻 𝗰𝗿𝗶𝗰𝗸𝗲𝘁 𝗳𝗲𝗮𝗿𝗹𝗲𝘀𝘀 🤝 𝘁𝗵𝗲 𝗯𝗼𝘆 𝘄𝗵𝗼 𝗯𝗮𝘁𝘀 𝗳𝗲𝗮𝗿𝗹𝗲𝘀𝘀 🫶💪
— Royal Challengers Bengaluru (@RCBTweets) June 3, 2026
The best piece of advice the 15-year old Vaibhav Suryavanshi could get! And who better than Virat Kohli to help fuel his fire in the right direction.… pic.twitter.com/MUqCRBo0la
यह पहला मौका नहीं था जब इस सीजन में दोनों खिलाड़ी इस तरह करीब दिखे हों. इससे पहले गुवाहाटी में राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ मैच के बाद भी कोहली ने इस वंडरकिड से मुलाकात की थी. उस वक्त कोहली ने अपनी प्रतिष्ठित ऑरेंज कैप पर एक प्यारा सा संदेश लिखकर वैभव को ऑटोग्राफ दिया था. इसके बाद वैभव जब भी रन बनाने की सूची में शीर्ष पर आते, तो वे उस कैप को गर्व से दिखाते थे.
भले ही वैभव की टीम राजस्थान रॉयल्स फाइनल में जगह नहीं बना पाई, लेकिन रविवार रात वे स्टैंड्स में आईसीसी चेयरमैन जय शाह के ठीक बगल में बैठकर मैच का लुत्फ उठा रहे थे. मैच खत्म होने के बाद 15 साल के इस अद्भुत खिलाड़ी ने एक या दो नहीं, बल्कि कुल पांच व्यक्तिगत पुरस्कार अपने नाम किए. उन्होंने पूरे टूर्नामेंट में 776 रन बनाकर ऑरेंज कैप पर अपना कब्जा जमाया.
वैभव को 237.3 के अविश्वसनीय स्ट्राइक रेट के लिए 'सुपर स्ट्राइकर' और सीजन में सबसे ज्यादा 72 छक्के लगाने का अवॉर्ड मिला. यह किसी भी एक आईपीएल सीजन में लगाए गए सर्वाधिक छक्कों का नया रिकॉर्ड है. उनके इस शानदार प्रदर्शन ने उन्हें टूर्नामेंट का 'मोस्ट वैल्यूएबल प्लेयर' और 'इमर्जिंग प्लेयर' भी बनाया.