नई दिल्ली: भारतीय T20 टीम में बड़े बदलाव की आहट सुनाई दे रही है. क्रिकेट के सबसे छोटे प्रारूप के कप्तान सूर्यकुमार यादव से BCCI और आला अधिकारी खुश नहीं है, क्योंकि कप्तान के प्रदर्शन में लगातार गिरावट आ रही है. जिस कारण अब टी20 के नेतृत्व में बदलाव हो सकता है.
हालिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, BCCI चयन समिति सूर्यकुमार यादव की कप्तानी को लेकर गंभीर मंथन कर रही है. टी20 विश्व कप और एशिया कप जैसे बड़े खिताब जीतने के बावजूद सूर्यकुमार का व्यक्तिगत प्रदर्शन लगातार सवालों के घेरे में रहा है. ऐसे में आगामी आयरलैंड और इंग्लैंड दौरे से पहले टीम नेतृत्व में बदलाव की संभावना तेज हो गई है.
BCCI से जुड़े सूत्रों का मानना है कि चयनकर्ताओं ने IPL के अंत तक इंतजार किया था ताकि सूर्यकुमार अपनी लय वापस पा सकें. हालांकि, पूरे टूर्नामेंट के दौरान वह संघर्ष करते नजर आए. केवल रन बनाने में ही नहीं, बल्कि मैदान पर उनका प्रभाव भी पहले जैसा नहीं दिखा. इसी वजह से चयन समिति अब नए कप्तान की तलाश में जुटी हुई है.
अब सवाल है कि अगर बोर्ड सूर्या से कप्तानी की जिम्मेदारी छिनती है तो यह किसे सौंपी जाएगी. तो बता दें इस कप्तानी की रेस में 2 नाम सबसे आगे हैं जिनमें पहला नाम भारत के स्टार मध्यक्रम बल्लेबाज श्रेयस अय्यर का है वहीं दूसरा नाम तिलक वर्मा का है. इस दौड़ में श्रेयस अय्यर और तिलक वर्मा प्रमुख नाम बनकर उभरे हैं.
अय्यर के पास घरेलू और फ्रेंचाइजी क्रिकेट में कप्तानी का सफल अनुभव है, जबकि तिलक को भविष्य के नेतृत्व विकल्प के तौर पर देखा जा रहा है. रिपोर्ट्स का कहना है कि उनकी कप्तानी क्षमता को परखने के लिए उन्हें श्रीलंका दौरे पर ए टीम की कमान भी सौंपी गई है.
चयनकर्ता केवल दो नामों तक सीमित नहीं हैं. संजू सैमसन और ईशान किशन जैसे खिलाड़ियों पर भी चर्चा हुई है. हालांकि, बोर्ड के कुछ सदस्यों को उनकी लंबी अवधि की निरंतरता को लेकर संदेह है. वहीं, मुख्य कोच और चयनकर्ताओं के बीच संभावित कप्तान को लेकर अलग-अलग राय होने की भी चर्चा है.
अगर कप्तानी की जिम्मेदारी किसी और खिलाड़ी को दी जाती है, तो सूर्यकुमार यादव के लिए सिर्फ नेतृत्व ही नहीं, बल्कि प्लेइंग इलेवन में अपनी जगह बचाना भी चुनौती बन सकता है. ऐसी संभावना जताई जा रही है कि इंग्लैंड और आयरलैंड दौरे के लिए घोषित होने वाली टीम में उनका चयन भी खतरे में पड़ सकता है.