मौजूदा भारतीय टेस्ट टीम ट्रांजिशन फेज से गुजर रहा है. लेकिन इसमें टीम में पॉजिटिव बदलाव देखने को मिल रहे हैं, इस बदलाव का केंद्र शुभमन गिल हैं. इंग्लैंड दौरे पर अपने नेतृत्व और बल्लेबाजी से प्रभावित करने वाले गिल को लेकर अब पूर्व भारतीय दिग्गज भी बड़ी उम्मीदें जता रहे हैं. पूर्व ऑफ स्पिनर रविचंद्रन अश्विन का मानना है कि गिल आने वाले वर्षों में भारतीय टेस्ट टीम की पहचान बन सकते हैं और उनकी सफलता टीम के भविष्य को नई दिशा देगी.
भारत और अफगानिस्तान के बीच 6 जून से न्यू चंडीगढ़ के पीसीए न्यू इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में एकमात्र टेस्ट मैच खेला जाना है. इस मुकाबले से पहले अश्विन ने शुभमन गिल के प्रदर्शन, उनकी तकनीकी और भारतीय टीम के स्पिन आक्रमण को लेकर अपने विचार साझा किए.
पूर्व ऑफ स्पिनर रवि अश्विन का मानना है कि टेस्ट कप्तान बनने के बाद गिल ने जिस तरह दबाव को संभाला है, वह उनकी परिपक्वता को दर्शाता है. इंग्लैंड जैसी चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में उन्होंने बल्ले से अहम योगदान दिया और कप्तानी में भी प्रभाव छोड़ा. अश्विन के अनुसार, यह प्रदर्शन बताता है कि गिल लंबे समय तक भारतीय बल्लेबाजी क्रम की रीढ़ बन सकते हैं.
पूर्व स्पिनर ने गिल की सफलता का श्रेय उनकी बल्लेबाजी तकनीक में किए गए सुधारों को दिया. उनके मुताबिक, गिल ने अपने बल्ले और पैड के बीच की दूरी कम करने पर विशेष मेहनत की है. इस बदलाव से उन्हें सीम और स्विंग गेंदबाजी के खिलाफ अधिक मजबूती मिली है, जिसका फायदा हालिया टेस्ट मुकाबलों में साफ दिखाई दिया.
हालांकि कप्तान बनने के बाद गिल अभी तक घरेलू टेस्ट क्रिकेट में कोई यादगार पारी नहीं खेल पाए हैं, लेकिन अश्विन को भरोसा है कि बदली हुई तकनीक और बढ़े हुए आत्मविश्वास के साथ वह जल्द ही घरेलू परिस्थितियों में भी बड़ी पारियां खेलेंगे. उनका मानना है कि गिल की निरंतर सफलता भारतीय टेस्ट टीम को लंबे समय तक मजबूती प्रदान करेगी.
रविंद्र जडेजा की अनुपस्थिति में अश्विन ने कुलदीप यादव को भारत के प्रमुख स्पिन हथियार के रूप में देखा है. उनका मानना है कि कुलदीप की विविधता और विकेट लेने की क्षमता अफगानिस्तान के खिलाफ अहम साबित हो सकती है. वहीं वाशिंगटन सुंदर टीम को संतुलन देने के साथ-साथ उपयोगी बल्लेबाजी विकल्प भी प्रदान करेंगे.
अश्विन ने युवा खिलाड़ी हर्ष दुबे का भी विशेष उल्लेख किया. उन्होंने कहा कि घरेलू क्रिकेट और आईपीएल में शानदार प्रदर्शन करने वाले दुबे टेस्ट डेब्यू के मजबूत दावेदार हैं. अब यह देखना दिलचस्प होगा कि टीम प्रबंधन उन्हें मौका देता है या किसी अन्य स्पिन विकल्प पर भरोसा जताता है.