नई दिल्ली: पिछले काफी समय से भारतीय हरफनमौला खिलाड़ी हार्दिक पांड्या की फिटनेस चर्चा का विषय बनी हुई थी. फैंस और BCCI को चिंता थी कि हार्दिक अफगानिस्तान के खिलाफ तीन मैचों की वनडे सीरीज में खेल भी पाएंगे या नहीं. लेकिन सीरीज से पहले फैंस के लिए खुशखबरी सामने आ रही है.
रिपोर्ट्स के अनुसार स्टार ऑलराउंडर हार्दिक पांड्या पूरी तरह फिट हैं और BCCI के सेंटर ऑफ एक्सीलेंस की स्पोर्ट्स साइंस टीम ने उन्हें रविवार से धर्मशाला में अफगानिस्तान के खिलाफ शुरू होने वाली तीन मैचों की वनडे सीरीज में खेलने की अनुमति दे दी है. 32 वर्षीय पांड्या, जोकि पीठ में ऐंठन के कारण मुंबई इंडियंस के लिए कई IPL मैच नहीं खेल पाए थे. जिसके बाद वह 2 जून से बेंगलुरु स्थित सेंटर ऑफ एक्सीलेंस में हैं.
IPL 2026 के बाद से हार्दिक पांड्या पीठ की चोट से जूझ रहे थे. जिसके बाद वह बेंगलुरु में स्थित BCCI सेंटर ऑफ एक्सीलेंस की निगरानी में थे, जहां वह लगातार पांच दिनों तक अभ्यास में जुटे हुए थे. BCCI सूत्रों के अनुसार उन्होंने कई मैच सिमुलेशन किए और पूरे दस ओवर की गेंदबाजी भी की. इसमें किसी भी प्रकार की असुविधा दर्ज नहीं की गई और उनकी फिटनेस को पूरी तरह स्वीकृति दे दी गई है. जानकारी यह है कि विभिन्न मापदंडों के फिटनेस डेटा के आधार पर उन्हें आगामी अफगानिस्तान सीरीज खेलने की मंजूरी दे दी गई है.
BCCI के एक विश्वसनीय सूत्र ने बताया कि हार्दिक पंड्या सेंटर ऑफ एक्सीलेंस में आने से पहले विदेश में छुट्टियां मना रहे थे. केंद्र में आने के बाद अगले पांच दिनों में उनके विभिन्न शारीरिक मानकों की जांच की गई और सभी आंकड़े संतोषजनक पाए गए.
भारत vs अफगानिस्तान 2026 की तीन मैचों की वनडे सीरीज रविवार से धर्मशाला में शुरू होने वाली है. यह अभी स्पष्ट नहीं है कि हार्दिक पंड्या चंडीगढ़ में टीम के साथ जुड़ेंगे या सीधे धर्मशाला जाएंगे. लेकिन उनकी फिटनेस की पुष्टि के बाद यह तय है कि वे इस श्रृंखला में खेलते नजर आएंगे.
आपकी जानकारी के लिए बता दें कि भारत बनाम अफगानिस्तान सीरीज का आगाज 13 जून से होगा. सीरीज का पहला मैच 13 जून को धर्मशाला में खेला जाएगा तो वहीं दूसरा मैच लखनऊ में 17 जून को खेला जाएगा. इसके अलावा तीसरा और अंतिम मैच 20 जून को चेन्नई में खेला जाएगा.