menu-icon
India Daily

नेपाल में हिंसा से हड़कंप! भारत सीमा पर हाई अलर्ट, दो जिलों में लगा अनिश्चितकालीन कर्फ्यू

नेपाल के सुनसरी और सिराहा जिलों में सांप्रदायिक हिंसा के बाद अनिश्चितकालीन कर्फ्यू लागू कर दिया गया है. एक युवक की मौत के बाद हालात तनावपूर्ण हैं. प्रशासन ने सुरक्षा कड़ी कर दी है और शांति बनाए रखने की अपील की है.

Kuldeep Sharma
Edited By: Kuldeep Sharma
नेपाल में हिंसा से हड़कंप! भारत सीमा पर हाई अलर्ट, दो जिलों में लगा अनिश्चितकालीन कर्फ्यू
Courtesy: social media

नेपाल के दक्षिणी हिस्से में सांप्रदायिक तनाव ने गंभीर रूप ले लिया है. सुनसरी जिले में दो समुदायों के बीच हुई हिंसक झड़प के बाद प्रशासन ने सुनसरी और सिराहा के कई इलाकों में अनिश्चितकालीन कर्फ्यू लागू कर दिया है. सुरक्षा एजेंसियां हालात पर लगातार नजर बनाए हुए हैं और लोगों से संयम बरतने की अपील की गई है.

हिंसा के बाद प्रशासन ने बढ़ाई सख्ती

26 जुलाई को सुनसरी जिले के कप्तानगंज क्षेत्र में दो समुदायों के बीच विवाद हिंसक झड़प में बदल गया. घटना के बाद पूरे इलाके में तनाव फैल गया और प्रशासन को हालात नियंत्रित करने के लिए सख्त कदम उठाने पड़े. स्थिति को देखते हुए सुनसरी और सिराहा जिलों के संवेदनशील इलाकों में अनिश्चितकालीन कर्फ्यू लागू कर दिया गया. प्रशासन ने लोगों से घरों में रहने और अफवाहों से बचने की अपील की है. सुरक्षा बल लगातार गश्त कर रहे हैं ताकि किसी भी नई घटना को रोका जा सके.

कैसे शुरू हुआ पूरा विवाद?

जानकारी के अनुसार सावन महीने के दौरान हिंदू श्रद्धालु कोशी बराज से जल लेकर धार्मिक यात्रा पर निकले थे. इसी दौरान तेज आवाज में डीजे बजाने को लेकर दूसरे समुदाय के कुछ लोगों ने आपत्ति जताई. मामूली कहासुनी देखते ही देखते हिंसक टकराव में बदल गई. दोनों पक्षों के बड़ी संख्या में लोग मौके पर पहुंच गए. आरोप है कि भीड़ के पास लाठी, डंडे और लोहे की छड़ें थीं. हालात बेकाबू होने पर पुलिस को हस्तक्षेप करना पड़ा और कार्रवाई के दौरान ओम प्रकाश मेहता नामक युवक की मौत हो गई.

सरकार और सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट पर

घटना के बाद नेपाल सरकार ने उच्चस्तरीय सुरक्षा बैठक बुलाई, जिसमें देश की कानून-व्यवस्था और प्रभावित क्षेत्रों की स्थिति की समीक्षा की गई. सरकार ने सामाजिक सौहार्द बनाए रखने और सुरक्षा एजेंसियों के बीच बेहतर समन्वय सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं. प्रशासन का कहना है कि हालात धीरे-धीरे सामान्य हो रहे हैं, लेकिन एहतियात के तौर पर सुरक्षा व्यवस्था पहले की तरह कड़ी रखी जाएगी. कर्फ्यू का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई है.

सीमावर्ती इलाकों में बढ़ी निगरानी

नेपाल के दक्षिणी जिले भारत के बिहार से सटे होने के कारण सुरक्षा एजेंसियां सीमावर्ती क्षेत्रों पर भी विशेष नजर रखे हुए हैं. प्रशासन का उद्देश्य किसी भी अफवाह, तनाव या हिंसा को दूसरे इलाकों तक फैलने से रोकना है. स्थानीय प्रशासन, राजनीतिक दलों और सुरक्षा बलों के संयुक्त प्रयासों से शांति बहाल करने की कोशिश जारी है. अधिकारियों ने लोगों से संयम बरतने और केवल आधिकारिक जानकारी पर भरोसा करने की अपील की है.