menu-icon
India Daily

ईरान ने अमेरिकी ठिकानों पर अचानक दागीं बैलिस्टिक मिसाइल, अमेरिका ने सभी को रोका

ईरान ने मध्य पूर्व में मौजूद अमेरिकी सैन्य ठिकानों पर कई बैलिस्टिक मिसाइलें दागी हैं. अमेरिकी सेंट्रल कमांड (CENTCOM) ने इसे सरप्राइज अटैक की कोशिश बताया है.

Shilpa Shrivastava
ईरान ने अमेरिकी ठिकानों पर अचानक दागीं बैलिस्टिक मिसाइल, अमेरिका ने सभी को रोका
Courtesy: Pinterest

नई दिल्ली: ईरान ने मध्य पूर्व में मौजूद अमेरिकी सैन्य ठिकानों पर कई बैलिस्टिक मिसाइलें दागी हैं. अमेरिकी सेंट्रल कमांड (CENTCOM) ने इसे सरप्राइज अटैक की कोशिश बताया है. यह हमला उस समय हुआ है जब अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने पिछले शुक्रवार को ईरान पर हमले रोक दिए थे जिससे बातचीत का मौका मिल सके.

यह हमला अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप और इजरायली प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू की व्हाइट हाउस में हुई महत्वपूर्ण बैठक के कुछ घंटों बाद हुआ. बैठक में मुख्य रूप से ईरान पर चर्चा हुई थी.

अमेरिका ने रोकीं सभी मिसाइलें:

CENTCOM ने एक्स पर पोस्ट करके बताया कि इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कोर (IRGC) द्वारा दागी गई सभी मिसाइलों को अमेरिकी एयर डिफेंस सिस्टम ने सफलतापूर्वक रोक लिया. हमले का समय शाम 5:45 बजे (ET) था. CENTCOM ने कहा कि अमेरिकी सैनिक पूरी सतर्कता और उच्च स्तर की तैयारियों के साथ तैनात हैं.

इराक में अमेरिका-सऊदी हमले:

अमेरिकी और सऊदी बलों ने इराक में ईरान समर्थित आतंकवादी ठिकानों पर हमले किए. CENTCOM के अनुसार, इन आतंकवादियों ने हाल के दिनों में अमेरिकी ठिकानों और सऊदी ऊर्जा सुविधाओं पर दो दर्जन से ज्यादा ड्रोन हमले किए थे. अमेरिकी सेना ने कहा कि पिछले 72 घंटों में ईरान निर्देशित 30 से ज्यादा ड्रोन हमले हुए थे. इनके जवाब में अमेरिकी और सऊदी लड़ाकू विमानों ने इराक के पूर्वी हिस्से में आतंकवादी लॉजिस्टिक्स और हथियारों के ठिकानों को निशाना बनाया.

CENTCOM ने चेतावनी दी कि फरवरी से अप्रैल 2026 के बीच ईरान समर्थित मिलिशिया ने अमेरिकी ठिकानों पर 600 से ज्यादा हमले करने की कोशिश की थी. उन्होंने कहा कि IRGC और उसके प्रॉक्सी को हमले बंद करने चाहिए, वरना अमेरिका और सख्त जवाब देगा.