menu-icon
India Daily

कौन हैं चीनी महिला एलिस हुआंग? जिसपर था जासूसी का शक, जाल में फंसे थे एनवीडिया सीईओ जेनसन हुआंग

एनवीडिया के सीईओ जेनसन हुआंग चीनी कारोबारी महिला एलिस हुआंग के साथ कथित रिश्ते को लेकर विवादों में हैं. रिपोर्ट्स के अनुसार, अमेरिकी खुफिया अधिकारियों को एलिस पर चीन के लिए जासूसी करने का संदेह है.

Km Jaya
Edited By: Km Jaya
कौन हैं चीनी महिला एलिस हुआंग? जिसपर था जासूसी का शक, जाल में फंसे थे एनवीडिया सीईओ जेनसन हुआंग
Courtesy: @wangjupaian X Account

एनवीडिया के सीईओ जेनसन हुआंग इन दिनों अपने निजी रिश्ते और राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़े आरोपों को लेकर चर्चा में हैं. रिपोर्ट्स के मुताबिक, उन्होंने चीनी कारोबारी महिला एलिस हुआंग के साथ अपने कथित अफेयर को स्वीकार करते हुए पत्नी और बच्चों से माफी मांगी है. 

इस मामले ने अब अमेरिका में भी हलचल बढ़ा दी है. अमेरिकी खुफिया अधिकारियों को एलिस हुआंग पर चीन के लिए जासूसी करने का संदेह है. हालांकि, अभी तक उनके खिलाफ जासूसी के आरोप साबित नहीं हुए हैं.

जेनसन हुआंग ने क्या कहा?

63 वर्षीय जेनसन हुआंग ने अपने कर्मचारियों को भेजे संदेश में अपनी गलती स्वीकार की. उन्होंने कहा कि उनके इस कदम का कोई बहाना नहीं है और उन्हें इसका गहरा अफसोस है. उन्होंने माना कि उनके व्यवहार से उनकी पत्नी और बच्चों को दुख पहुंचा है. इसके साथ ही उन्होंने कंपनी के कर्मचारियों, निदेशक मंडल और शेयरधारकों से भी माफी मांगी.

हुआंग ने कहा कि एनवीडिया के प्रति उनकी जिम्मेदारी है कि वह कर्मचारियों के भरोसे पर खरे उतरें. उन्होंने स्वीकार किया कि वह अपनी जिम्मेदारी निभाने में पीछे रह गए. साथ ही उन्होंने कंपनी के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराते हुए दोबारा विश्वास हासिल करने की बात कही.

एनवीडिया ने क्यों शुरू की स्वतंत्र जांच?

यह विवाद अब केवल जेनसन हुआंग के निजी जीवन तक सीमित नहीं है. एनवीडिया के निदेशक मंडल ने विदेशी खुफिया अभियान से जुड़े आरोपों की रिपोर्ट सामने आने के बाद स्वतंत्र जांच शुरू की है. इस जांच की निगरानी स्वतंत्र निदेशकों की एक समिति करेगी. इसमें बाहरी कानूनी सलाहकारों की मदद भी ली जाएगी.

जेनसन हुआंग ने जांच का समर्थन किया है और पूरा सहयोग करने की बात कही है. कंपनी के मुताबिक, फिलहाल निदेशक मंडल के पास ऐसा कोई कारण नहीं है, जिससे लगे कि राष्ट्रीय सुरक्षा या कंपनी के गोपनीय डेटा से समझौता हुआ है. हालांकि, जांच में सभी उपलब्ध जानकारियों की पड़ताल की जाएगी.

कौन हैं एलिस हुआंग और क्या हैं उन पर आरोप?

न्यूयॉर्क टाइम्स की रिपोर्ट के अनुसार, अमेरिकी खुफिया अधिकारियों को संदेह था कि एलिस हुआंग चीन की ओर से खुफिया गतिविधियों में शामिल हो सकती हैं. एलिस का जेनसन हुआंग से कोई पारिवारिक संबंध नहीं है. वह पहले सिंगापुर की डेटा सेंटर कंपनी मेगास्पीड से जुड़ी रही हैं.

अमेरिकी अधिकारियों ने मेगास्पीड की भी जांच की है. संदेह जताया गया कि कंपनी ने चीन को उन एडवांस एआई चिप्स तक पहुंच बनाने में मदद की, जिनके निर्यात पर अमेरिका ने प्रतिबंध लगाए हैं. मेगास्पीड एनवीडिया की एआई चिप्स खरीदती है. इसी वजह से कंपनी का नाम भी अमेरिकी जांच के दायरे में आया. रिपोर्ट के मुताबिक अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप को पिछले साल ऐसी खुफिया जानकारी दी गई थी, जिसमें एलिस हुआंग पर चीन के लिए जासूसी करने का दावा किया गया था. हालांकि, इन आरोपों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है.

अमेरिकी सांसदों ने भी मांगा जवाब

इस मामले में अमेरिकी कांग्रेस के सांसदों ने भी दिलचस्पी दिखाई है. हाउस ऑफ रिप्रेजेंटेटिव्स के शीर्ष रिपब्लिकन सदस्यों ने 4 नवंबर को जेनसन हुआंग को पत्र लिखकर इस महीने कांग्रेस के सामने जानकारी देने के लिए कहा. सांसद जानना चाहते हैं कि क्या इस पूरे मामले से अमेरिकी राष्ट्रीय सुरक्षा को खतरा पहुंचा और क्या चीन को संवेदनशील अमेरिकी तकनीक या जानकारी तक पहुंच मिली.

एनवीडिया पहले कह चुकी है कि उसके सीईओ हर साल हजारों ग्राहक अधिकारियों से बातचीत करते हैं. कंपनी का दावा है कि एशिया में उसके क्लाउड ग्राहकों को सामान्य कारोबारी जानकारी ही दी जाती है, संवेदनशील व्यापारिक या राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़ी जानकारी नहीं.

ट्रंप ने किया जेनसन हुआंग का बचाव

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने इस विवाद के बीच जेनसन हुआंग का समर्थन किया है. उन्होंने कहा कि वह एनवीडिया सीईओ को अच्छा और सम्मानित व्यक्ति मानते हैं. ट्रंप ने यह भी कहा कि उन्होंने जांच की खबर सामने आने के बाद से हुआंग से बातचीत नहीं की है. दूसरी ओर, चीन ने एनवीडिया सीईओ को निशाना बनाने वाले जासूसी अभियान के आरोपों को खारिज किया है.

निवेशकों की बढ़ी चिंता

एनवीडिया इस समय दुनिया की प्रमुख एआई चिप निर्माता कंपनियों में शामिल है. इसकी तकनीक का इस्तेमाल ओपनएआई और मेटा जैसी बड़ी कंपनियां करती हैं. जेनसन हुआंग ने 1993 में एनवीडिया की सह-स्थापना की थी. गेमिंग ग्राफिक्स से शुरुआत करने वाली कंपनी को उन्होंने एआई कंप्यूटिंग के क्षेत्र में बड़ी पहचान दिलाई. अब इस विवाद के कारण कंपनी की कारोबारी छवि, राष्ट्रीय सुरक्षा और निवेशकों के भरोसे को लेकर सवाल उठ रहे हैं. स्वतंत्र जांच के नतीजों से ही स्पष्ट हो सकेगा कि इन आरोपों में कितनी सच्चाई है.