menu-icon
India Daily

Lok Sabha Elections से पहले क्यों चर्चा में आई ‘The Kerala Story’?

Lok Sabha Elections 2024: साल 2023 में बॉक्स ऑफिस पर तहलका मचाने वाली सुदीप्तो सेन की मूवी 'The Kerala Story' एक बार फिर चर्चा में है. मूवी को लेकर केरल के मुख्यमंत्री पिनाराई विजयन की एक अपील सामने आई है. आइए, जानते है पूरा मामला.

India Daily Live
Lok Sabha Elections से पहले क्यों चर्चा में आई ‘The Kerala Story’?

Lok Sabha Elections 2024: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पिछले साल कर्नाटक विधानसभा चुनाव के दौरान जिस मूवी की चर्चा एक रैली में की थी, वो फिल्म एक बार फिर चर्चा में है. लोकसभा चुनाव से पहले मूवी 'The Kerala Story' को लेकर केरल के मुख्यमंत्री पिनाराई विजयन ने एक अपील की है. 

दरअसल, दूरदर्शन ने 'The Kerala Story' की स्क्रीनिंग करने का फैसला लिया है. इसकी जानकारी के बाद सीएम विजयन ने दूरदर्शन से 'द केरल स्टोरी' की स्क्रीनिंग वापस लेने को कहा. उन्होंने 'द केरल स्टोरी' के प्रसारण के दूरदर्शन के फैसले की निंदा भी की और सांप्रदायिक तनाव से बचने के लिए इसे वापस लेने का आग्रह किया.

विजयन बोले- भाजपा और आरएसएस के लिए प्रचार मशीन न बनें

पिनाराई विजयन ने गुरुवार को फिल्म को विवादास्पद बताते हुए दूरदर्शन से इसकी स्क्रीनिंग वापस लेने के लिए कहा. साथ में ये भी कहा कि ऐसा करने से लोकसभा चुनावों से पहले सांप्रदायिक तनाव बढ़ सकता है. उन्होंने दूरदर्शन से कहा कि आप भाजपा और आरएसएस के लिए प्रचार मशीन न बनें.

विजयन ने एक्स पोस्ट में कहा कि ध्रुवीकरण को उकसाने वाली फिल्म 'केरल स्टोरी' को प्रसारित करने का दूरदर्शन का फैसला बेहद निंदनीय है. उन्होंने कहा कि ऐसी फिल्म की स्क्रीनिंग नहीं करनी चाहिए, जो केवल स्थिति को बिगाड़ने का प्रयास करती है. दूरदर्शन ने घोषणा की है कि ये फिल्म फिल्म 5 अप्रैल को टेलीकास्ट की जाएगी.

CPI (M) ने भी दूरदर्शन से की ये अपील

एक बयान में, सीपीआई (एम) ने भी दूरदर्शन से फिल्म को प्रसारित करने के अपने फैसले को वापस लेने के लिए कहा. पार्टी ने दूरदर्शन से धर्मनिरपेक्ष केरल समाज के ध्रुवीकरण के भाजपा के प्रयास के साथ खड़े नहीं होने को कहा.

सीपीआई (एम) के राज्य सचिवालय ने आरोप लगाया कि भाजपा ने विवादास्पद फिल्म को प्रदर्शित करने का फैसला किया क्योंकि आम चुनाव नजदीक आ रहे हैं, वह अपने राजनीतिक एजेंडे को आगे बढ़ाने की उम्मीद कर रही है क्योंकि भाजपा केरल के समाज में पैठ बनाने में असमर्थ है.

सीपीआई (एम) ने कहा कि ये केरल को चुनौती देने जैसा है. जब यह रिलीज हुई थी तो केरल में जोरदार विरोध प्रदर्शन हुआ था. सेंसर बोर्ड ने खुद ही फिल्म से 10 सीन हटा दिए थे. 

केरल हाई कोर्ट ने पिछले साल फिल्म को लेकर सुनाया था ये फैसला

केरल हाई कोर्ट ने पिछले साल यह कहते हुए फिल्म की रिलीज पर रोक लगाने से इनकार कर दिया था कि फिल्म के ट्रेलर में किसी विशेष समुदाय के लिए कुछ भी आपत्तिजनक नहीं है. 

कोर्ट ने कहा था कि केंद्रीय फिल्म प्रमाणन बोर्ड (सीबीएफसी) ने फिल्म की जांच की है और पाया है कि यह सार्वजनिक प्रदर्शन के लिए उपयुक्त है.

मूवी के रिलीज पर रोक की मांग वाली याचिका के कोर्ट में जाने से पहले फिल्म के ट्रेलर की कड़ी आलोचना की गई थी और रिलीज पर रोक की मांग की गई थी. कहा गया था कि फिल्म में दिखाए गए दावे के मुताबिक, केरल की 32,000 महिलाओं का धर्म परिवर्तन किया गया और उन्हें कट्टरपंथी बनाया गया. याचिका में बताया गया कि ये बिलकुल झूठ है.

पीएम मोदी ने रैली में मूवी को लेकर क्या कहा था?

कर्नाटक विधानसभा चुनाव के लिए बेल्लारी में रैली को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने 'द केरल स्टोरी' का जिक्र किया था. 5 मई 2023 को सभा को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने कहा था कि ये फिल्म इन दिनों चर्चा में है. उन्होंने कहा था कि मूवी सिर्फ एक राज्य (केरल) में हुई आतंकी साजिशों पर आधारित है. 

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा था कि केरल देश के खूबसूरत राज्यों में से एक है और ऐसे राज्य में चल रही आतंकी साजिश का खुलासा 'द केरल स्टोरी' में की गई है. डायरेक्टर सुदीप्तो सेन की मूवी 'द केरल स्टोरी' 5 मई 2023 को देशभर में रिलीज हुई थी. फिल्म का बजट 15 से 20 करोड़ रुपये था और फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर करीब 304 करोड़ रुपये का बिजनेस किया था.