बॉलीवुड अभिनेता तुषार कपूर को कथित तौर पर लॉरेंस बिश्नोई गैंग के नाम पर 5 करोड़ रुपये की रंगदारी मांगने की धमकी मिली है. बताया जा रहा है कि एक व्यक्ति ने खुद को लॉरेंस बिश्नोई गैंग का सदस्य हैरी बॉक्सर बताते हुए अभिनेता को फोन किया और 5 करोड़ रुपये की मांग की. हालांकि, मुंबई क्राइम ब्रांच को शुरुआती जांच में यह मामला फर्जी होने का शक है.
रिपोर्ट के मुताबिक धमकी भरा फोन मिलने के बाद तुषार कपूर ने मुंबई पुलिस से संपर्क किया. इसके बाद मामले की जांच एंटी एक्सटॉर्शन सेल और क्राइम ब्रांच को सौंपी गई. पुलिस अब उस व्यक्ति की पहचान करने की कोशिश कर रही है, जिसने अभिनेता को फोन कर गैंग के नाम पर डराने और पैसे मांगने की कोशिश की.
क्राइम ब्रांच की तकनीकी टीम ने धमकी भरे फोन की ऑडियो रिकॉर्डिंग की जांच की है. पुलिस ने इसमें सुनाई दे रही आवाज की तुलना हैरी बॉक्सर की उपलब्ध रिकॉर्डिंग से की. शुरुआती जांच में दोनों आवाजों के बीच समानता नहीं मिली है. इसके बाद जांचकर्ताओं को शक है कि किसी व्यक्ति ने लॉरेंस बिश्नोई गैंग का नाम इस्तेमाल करके तुषार कपूर को धमकाया हो सकता है.
यह मामला ऐसे समय सामने आया है, जब कुछ सप्ताह पहले अभिनेता टाइगर श्रॉफ के जुहू स्थित घर के बाहर गोली चलाने की घटना भी सामने आई थी. उस मामले की जांच भी मुंबई क्राइम ब्रांच कर रही है. पुलिस अब तुषार कपूर को धमकी देने वाले व्यक्ति तक पहुंचने के लिए तकनीकी जानकारी और कॉल से जुड़ी रिकॉर्डिंग की जांच कर रही है.
वरिष्ठ पुलिस सूत्रों के अनुसार फिलहाल इस बात की जांच की जा रही है कि धमकी देने वाले व्यक्ति का किसी गैंग से वास्तव में कोई संबंध है या नहीं. बताया जा रहा है कि तुषार कपूर ने करीब एक सप्ताह पहले इस संबंध में शिकायत की थी. अभी इस मामले में एफआईआर दर्ज नहीं की गई है. पुलिस का मुख्य फोकस कॉल करने वाले व्यक्ति की पहचान और धमकी के पीछे की असली वजह पता करने पर है.