menu-icon
India Daily

अमेरिकी कंपनी ने 5 मिनट में 80 भारतीयों को नौकरी से निकाला, सोशल मीडिया पर छलका दर्द

एक अमेरिकी वित्तीय फर्म ब्लूवाइन (Bluevine) ने 5 मिनट की गूगल मीट कॉल में अपनी पूरी भारतीय कस्टमर सपोर्ट टीम के 80 कर्मचारियों को नौकरी से निकाल दिया है.

Sagar
Edited By: Sagar Bhardwaj
अमेरिकी कंपनी ने 5 मिनट में 80 भारतीयों को नौकरी से निकाला, सोशल मीडिया पर छलका दर्द
Courtesy: pinterest

एक अमेरिकी डिजिटल बैंकिंग प्लेटफॉर्म 'ब्लूवाइन' (Bluevine) ने अपनी भारतीय कस्टमर सपोर्ट टीम के लगभग 80 कर्मचारियों को अचानक नौकरी से निकाल दिया. एक प्रभावित कर्मचारी ने सोशल मीडिया पर खुलासा किया कि पूरी टीम को 'परिचालन कारणों' (Operational reasons) का हवाला देकर घर से काम करने को कहा गया था. शाम की शिफ्ट के तीन घंटे बाद, प्रबंधन ने 5 मिनट की गूगल मीट कॉल आयोजित की और पूरी टीम की छंटनी का फरमान सुना दिया.

कर्मचारियों का छलका दर्द

पीड़ित कर्मचारी ने अपनी पोस्ट में लिखा कि इस 5 मिनट की कॉल से 80 परिवारों की आजीविका प्रभावित हुई है. कर्मचारी ने दुख व्यक्त करते हुए कहा कि वे नौकरी की सुरक्षा के डर से दिन-रात मेहनत कर रहे थे, लेकिन कॉर्पोरेट कंपनियों ने उन्हें बिना किसी पूर्व चेतावनी के बाहर का रास्ता दिखा दिया. इस घटना के बाद सोशल मीडिया यूजर्स ने इस रवैये को बेहद निराशाजनक और दुखद करार दिया है.

प्रोडक्टिविटी पर उठे सवाल

प्रबंधन ने छंटनी का कारण बताते हुए कहा कि भारतीय टीम से अपेक्षित परिणाम (Output) नहीं मिल रहा था. हालांकि, छंटनीग्रस्त कर्मचारियों ने इस दावे को खारिज कर दिया. कर्मचारियों का कहना है कि वे अमेरिकी समय के अनुसार पूरी निष्ठा से काम कर रहे थे, जबकि कंपनी ने बिना किसी ठोस वजह के पूरी भारतीय टीम को एक झटके में बर्खास्त कर दिया.