सोशल मीडिया पर वायरल हो रही वीडियो क्लिप में लाल कुर्ता-सलवार पहने एक महिला पुल पर दिखाई देती है. उसके हाथों में एक कुत्ता नजर आता है. वीडियो में कुत्ता महिला के कब्जे से निकलकर भागने की कोशिश करता दिखाई देता है, लेकिन महिला उसे दोबारा पकड़ लेती है.
इसके बाद महिला कथित तौर पर कुत्ते को पुल की रेलिंग के ऊपर से नीचे नदी में फेंक देती है. वीडियो में कुत्ते को पानी में गिरने के बाद नदी के बहाव के साथ आगे जाते हुए भी देखा जा सकता है. घटना का वीडियो किसी अन्य व्यक्ति द्वारा बनाए जाने की बात सामने आई है.
वीडियो वायरल होने के बाद सोशल मीडिया यूजर्स ने घटना पर कड़ी प्रतिक्रिया दी. कई लोगों ने पुलिस से महिला की पहचान करने और उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की. कुछ यूजर्स ने महिला को गिरफ्तार किए जाने की भी अपील की. हालांकि, वीडियो कब रिकॉर्ड किया गया था, इसकी जानकारी अभी स्पष्ट नहीं है. साथ ही नदी में गिरने के बाद कुत्ते के साथ क्या हुआ, इस बारे में भी फिलहाल कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है.
वीडियो सामने आने के बाद नेपाल पुलिस ने भी मामले का संज्ञान लिया है. सुदूरपश्चिम प्रदेश पुलिस कार्यालय, धनगढी के एसएसपी पदम बिष्ट ने बताया कि पुलिस को घटना की जानकारी मिली है और पूरे मामले की जांच की जा रही है. पुलिस की शुरुआती जांच के अनुसार, वीडियो में दिखाई दे रही घटना सेती नदी से जुड़ी बताई जा रही है. पुलिस ने वायरल क्लिप का संबंध बझाङ जिले की सेती नदी से होने की पुष्टि की है.
नेपाल के बजहांग जिले में एक महिला द्वारा जिंदा कुत्ते को पनकोट पुल से सेती नदी में फेंकने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। घटना को लेकर पशु प्रेमियों और सोशल मीडिया यूजर्स में नाराजगी देखने को मिल रही है। #NepalNews #AnimalCruelty #DogRescue #ViralVideo #IndiaDaily24x7 pic.twitter.com/4HUaDCEzK7
— India Daily 24x7 (@IndiaDaily_24X7) September 17, 2026
फिलहाल पुलिस वीडियो के आधार पर महिला की पहचान करने की कोशिश कर रही है. इसके साथ ही घटना की वास्तविक परिस्थितियों और इससे जुड़े अन्य तथ्यों की जानकारी जुटाई जा रही है. पुलिस का कहना है कि जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी. महिला की पहचान और उसके खिलाफ किसी औपचारिक कार्रवाई की स्थिति अभी स्पष्ट नहीं हुई है. मामले की जांच जारी है.