ब्वॉयफ्रेंड-गर्लफ्रेंड के बीच के रिश्ते को निभाना कितना कठिन होता है यह बात वो ही समझ सकता है जिसने कभी यह रिश्ता कायम किया हो. तमाम तरह के वादे होते हैं, उन वादों को पूरा करना होता है और अगर वादा निभाया न जाए तो फिर ऐसा तांडव होता है कि पूछो मत. हालांकि सोना बाबू कहने के बाद दोनों आखिर में मान ही जाते हैं लेकिन न्यूजीलैंड की एक महिला इस रिश्ते को एक अलग ही लेवल पर ले गई. वादा पूरा न करने पर उसने अपने ब्वॉयफ्रेंड को कोर्ट में खसीट दिया.
वादे से मुकरा ब्वॉयफ्रेंड
दरअसल, हुआ ये कि उसका ब्वॉयफ्रेंड वादे के मुताबिक उसे एयरपोर्ट छोड़ने नहीं गया जिसके बाद उसकी फ्लाइट छूट गई. उस महिला को एक कॉन्सर्ट में जाना था. इसके बाद महिला ने अपने ब्वॉयफ्रेंड को सबक सिखाने का मन बनाया और उसके खिलाफ केस दर्ज करा दिया.
कोर्ट में क्या बोली प्रेमिका
महिला ने कोर्ट में कहा कि वह अपने ब्वॉयफ्रेंड के साथ विवाद होने से पहले तक साढ़े छ साल से रिलेशनशिप में थी. उसने कोर्ट को बताया कि वह अपने दोस्तों के साथ एक कॉन्सर्ट में जा रही थी. उसके ब्वॉयफ्रेंड ने उसे एयरपोर्ट छोड़ने और उसकी अनुपस्थिति में उसके दोनों कुत्तों और घर की रखवाली करने का वादा किया था. यात्रा से एक दिन पहले उसने उसे टाइम पर आने के लिए कहा लेकिन वह नहीं आया और उसकी फ्लाइट छूट गई.
प्रेमिका की मांग पर कोर्ट ने क्या दिया फैसला
महिला ने कहा कि इसके बाद उसने अगले दिन की टिकट कराई जिसमें उसके काफी पैसे खर्च हुए. महिला ने कोर्ट से अपने पति से उन पैसों को वापस दिलाने की मांग की लेकिन कोर्ट ने उसकी मांग को यह कहते हुए खारिज कर दिया कि दोनों के बीच कानूनी रूप से बाध्यकारी रिश्ता नहीं है. कोर्ट ने कहा कि दोनों में से किसी को कुछ भी करने के लिए बाध्य नहीं किया जा सकता तब तक कि वे कुछ ऐसा नहीं करते जो यह प्रदर्शित करता को वे अपना वादा निभाने के लिए उत्तरादायी हैं.