menu-icon
India Daily

T20 World Cup 2026: भारत के खिलाफ मैच नहीं खेलेगा पाकिस्तान, ICC-BCCI ने क्या कहा?

Pakistan ने T20 World Cup 2026 में खेलने की पुष्टि की है, लेकिन भारत के खिलाफ ग्रुप मैच का बहिष्कार करने का फैसला लिया है. ICC और BCCI को अभी आधिकारिक सूचना नहीं मिली है.

Anuj
Edited By: Anuj
T20 World Cup 2026: भारत के खिलाफ मैच नहीं खेलेगा पाकिस्तान, ICC-BCCI ने क्या कहा?
Courtesy: Social Media

नई दिल्ली: T20 World Cup 2026 से पहले अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में एक बड़ा और चौंकाने वाला फैसला सामने आया है. पाकिस्तान सरकार ने अपनी टीम को टूर्नामेंट में खेलने की मंजूरी तो दे दी है, लेकिन भारत के खिलाफ होने वाले ग्रुप स्टेज मुकाबले से हटने का ऐलान कर दिया है. यह फैसला ऐसे समय में आया है, जब ICC पहले ही बांग्लादेश को टूर्नामेंट से बाहर कर चुका है.

पाकिस्तान सरकार ने साफ किया है कि उसकी टीम T20 World Cup 2026 में हिस्सा लेगी, लेकिन 15 फरवरी को भारत के खिलाफ प्रस्तावित मैच नहीं खेलेगी. इस फैसले के पीछे कोई स्पष्ट कारण नहीं बताया गया है. इससे पहले ICC, BCCI और PCB के बीच सहमति बनी थी कि भारत-पाक मुकाबले न्यूट्रल वेन्यू पर कराए जाएंगे.

बांग्लादेश विवाद से जुड़ा फैसला

यह घटनाक्रम उस फैसले के बाद सामने आया, जब ICC ने बांग्लादेश को टूर्नामेंट से बाहर कर दिया. बांग्लादेश ने सुरक्षा कारणों का हवाला देते हुए भारत में खेलने से इनकार कर दिया था. ICC की वोटिंग में केवल पाकिस्तान और बांग्लादेश ने वेन्यू बदलने के प्रस्ताव का समर्थन किया, जबकि बाकी 14 देशों ने इसे खारिज कर दिया.

पाकिस्तान ने क्या कहा?

पाकिस्तान सरकार ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर बयान जारी करते हुए कहा कि वह पाकिस्तान क्रिकेट टीम को ICC T20 World Cup 2026 में भाग लेने की अनुमति देती है. हालांकि, भारत के खिलाफ मैच न खेलने को लेकर बयान में कोई ठोस वजह नहीं बताई गई.

ICC और BCCI की प्रतिक्रिया

ICC ने अभी तक इस पूरे मामले पर कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया है. ICC सूत्रों के मुताबिक, पाकिस्तान की ओर से कोई औपचारिक सूचना नहीं मिली है. BCCI ने भी यही कहा है कि बोर्ड को अब तक इस फैसले की आधिकारिक जानकारी नहीं दी गई है.

जर्सी के अनावरण को भी स्थगित कर दिया

पाकिस्तान ने पुरुष टी20 विश्व कप के लिए टीम की जर्सी के अनावरण को भी स्थगित कर दिया था, और यह समझा जा रहा था कि आगामी टूर्नामेंट में टीम की भागीदारी पर फैसला आने के बाद यह कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा.

2009 के विजेता पाकिस्तान को टी20 विश्व कप के ग्रुप ए में भारत, नामीबिया, नीदरलैंड और अमेरिका के साथ रखा गया है. सलमान अली आगा की अगुवाई वाली टीम 7 फरवरी को कोलंबो में नीदरलैंड के खिलाफ अपने अभियान की शुरुआत करेगी.