आपकी मेहनत का फल आज नहीं तो कल आपको जरूर मिलता है. भारत के एक टेक फ्रोफेशनल की मेहनत का नतीजा सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है. एक समय पर IIT-JEE एंट्रेंस एग्जाम में फेल हो जाने वाले भारतीय टेक प्रोफेशनल की तस्वीर न्यूयॉर्क शहर के टाइम्स स्क्वायर पर नजर आना उसके लिए एक जंग जीतने के बराबर है.
सोशल मीडिया पर जो वीडियो वायरल हो रहा है, उसमें अभिजय अरोड़ा अपनी मां से वीडियो कॉल पर बात कर रहे हैं. इस दौरान कॉल पर अभिजय न्यूयॉर्क शहर के मशहूर टाइम्स स्क्वायर पर अपनी और मां की फोटो दिखाते हैं. जिसे देखकर उनकी मां थोड़ी भावुक हो जाती हैं.
अभिजय ने इस वीडियो को शेयर करते हुए अपनी मां का धन्यवाद दिया. उन्होंने कहा कि यह उस महिला को शुक्रिया अदा करने का खास तरीका था जिसने अपने सपनों से ज्यादा उनके सपनों को अहमियत दी और सालों तक मुश्किलों और अनिश्चितता के दौर में उनके साथ खड़ी रहीं. उन्होंने लिखा कि यह मेरी जिंदगी का सबसे खास दिन था.
हरियाणा के पंचकूला में एक सिंगल मदर द्वारा पाले-पोसे गए अभिजय का कहना है कि उन्होंने बचपन में त्याग देखा है. उन्होंने बताया कि उनकी मां खुद पुरानी किताबें पढ़ने के बावजूद, उनके लिए अच्छी शिक्षा में कोई कसर नहीं छोड़ती थीं. उन्होंने बताया कि उनके लिए सबसे मुश्किल साल 2012 था. इस साल वह एंट्रेंस एग्जाम में फेल हो गए थे. अभिजय ने बताया कि इसके बाद उन्होंने संकल्प लिया कि वह अपनी मां को हर दिन गर्व महसूस कराएंगे. हालांकि इसके बाद का भी सफर उनके लिए आसान नहीं था.
उन्होंने बताया कि 2016 में ग्रेजुएशन के बाद उनके पास जॉब का कोई ऑफर नहीं था. बहुत मुश्किल से 2017 में एक कामयाबी मिली. हालांकि जंग अभी भी खत्म नहीं हुई, 2016 और 2020 के बीच, उन्होंने तीन बार GMAT दिया, लेकिन 2021 में जिन भी बिजनेस स्कूलों में उन्होंने अप्लाई किया, वहां से उन्हें रिजेक्शन ही मिला. अमेरिका में भी उन्हें कई परेशानियों का सामना करना पड़ा. हालांकि कड़ी मेहनत के बाद 2022 में उन्हें हार्वर्ड यूनिवर्सिटी में एडमिशन मिल गया. इसके बाद वह सैन फ्रांसिस्को में YouTube के लिए प्रोडक्ट मैनेजर के तौर पर Google से जुड़ गए. उनकी इस सफलता की कहानी सोशल मीडिया पर काफी वायरल हो रही है.