menu-icon
India Daily

ठंडे बस्ते में गई वरुण धवन की 'है जवानी तो इश्क होना है', वीकेंड पर भी नहीं दे पाई इन फिल्मों को टक्कर

वरुण धवन, पूजा हेगड़े और मृणाल ठाकुर स्टारर फिल्म है जवानी तो इश्क होना है बॉक्स ऑफिस पर उम्मीद के मुताबिक प्रदर्शन नहीं कर पाई है. पहले वीकेंड में फिल्म ने सिर्फ 24 करोड़ रुपये की कमाई की है.

babli
Edited By: Babli Rautela
ठंडे बस्ते में गई वरुण धवन की 'है जवानी तो इश्क होना है', वीकेंड पर भी नहीं दे पाई इन फिल्मों को टक्कर
Courtesy: Social Media

मुंबई: बॉलीवुड एक्टर वरुण धवन की नई फिल्म है जवानी तो इश्क होना है से दर्शकों और ट्रेड एक्सपर्ट को काफी उम्मीदें थीं. फिल्म के ट्रेलर और गानों ने रिलीज से पहले अच्छा माहौल बनाया था, लेकिन सिनेमाघरों में पहुंचने के बाद फिल्म दर्शकों को प्रभावित करने में सफल नहीं दिख रही है. फिल्म के डायरेक्टर डेविड धवन की इस कॉमेडी एंटरटेनर को समीक्षकों और दर्शकों से मिले जुले रिव्यू मिले हैं. इसका असर सीधे बॉक्स ऑफिस कलेक्शन पर भी दिखाई दिया है.

है जवानी तो इश्क होना है का कलेक्शन

फिल्म ने रिलीज के पहले दिन भारत में लगभग 7.50 करोड़ रुपये का नेट कलेक्शन किया. हालांकि यह आंकड़ा बहुत खराब नहीं माना गया, लेकिन फिल्म से जुड़ी उम्मीदों के मुकाबले इसे औसत शुरुआत माना गया. ट्रेड एक्सपर्ट को उम्मीद थी कि विकेंड के दौरान फिल्म की कमाई में तेजी देखने को मिलेगी, लेकिन ऐसा नहीं हो सका.

विकेंड पर अच्छी कमाई नहीं कर पाई फिल्म

आमतौर पर नई फिल्मों के लिए शनिवार का दिन अहम माना जाता है क्योंकि छुट्टी के माहौल में दर्शकों की संख्या बढ़ती है. लेकिन है जवानी तो इश्क होना है शनिवार को कोई खास बढ़त हासिल नहीं कर सकी. फिल्म ने दूसरे दिन भी लगभग 7.50 करोड़ रुपये की कमाई की, जो पहले दिन के बराबर रही. यह संकेत था कि फिल्म को दर्शकों की तरफ से मजबूत वर्ड ऑफ माउथ नहीं मिल रहा है.

रविवार को फिल्म की कमाई में कुछ सुधार जरूर देखने को मिला. तीसरे दिन फिल्म ने लगभग 9 करोड़ रुपये का नेट कलेक्शन किया. हालांकि विकेंड के सबसे मजबूत दिन पर भी फिल्म दो अंकों की बड़ी कमाई नहीं कर सकी. तीन दिनों के बाद फिल्म का कुल भारतीय नेट कलेक्शन 24 करोड़ रुपये तक पहुंच गया है. यह आंकड़ा फिल्म के बजट और स्टारकास्ट को देखते हुए उम्मीद से कम माना जा रहा है.

विदेशों में भी नहीं दिखा खास असर

फिल्म का प्रदर्शन केवल घरेलू बाजार में ही नहीं बल्कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी उम्मीद के मुताबिक कमजोर रहा है. रिपोर्ट्स के अनुसार फिल्म का कुल वर्ल्डवाइड ग्रॉस कलेक्शन लगभग 37.30 करोड़ रुपये रहा है. यह आंकड़ा बताता है कि विदेशी बाजारों में भी फिल्म कोई बड़ा प्रभाव छोड़ने में सफल नहीं रही.