सैन फ्रांसिस्को की टेक कंपनी 'कोर्गी' की एग्जीक्यूटिव ब्रुक लेब्लांक ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर अपने जीवनसाथी की खोज के लिए एक लंबी लिस्ट शेयर की. उन्होंने लिखा, 'मेरे साथ कौन अपनी जिंदगी को को-फाउंड करना चाहता है?' उनकी यह सख्त और अनोखी शर्तों वाली पोस्ट इंटरनेट पर तेजी से वायरल हो गई.
शर्तों की इस लंबी लिस्ट के बाद ब्रुक ने एक नया अपडेट जोड़ दिया है. अब उनके होने वाले पार्टनर को उनकी मां की मंजूरी भी हासिल करनी होगी. ब्रुक ने अपनी मां के साथ हुई चैट का स्क्रीनशॉट भी शेयर किया, जिसमें उनकी मां जवाबों को देखकर लड़कों को चुनने में उनकी मदद कर रही हैं.
ब्रुक की शर्तों के अनुसार पार्टनर की उम्र 35 से 42 वर्ष के बीच होनी चाहिए. वह स्वभाव से मजाकिया, बुद्धिमान और आर्थिक रूप से मजबूत (Post-economic) होना चाहिए. इसके अलावा, उसका कोई बच्चा नहीं होना चाहिए लेकिन भविष्य में बच्चे की चाहत अनिवार्य है. साथ ही, उसे सेहतमंद और एक ही शहर में रहने वाला होना चाहिए.
ब्रुक की इस सूची पर इंटरनेट पर तीखी बहस छिड़ गई है. कुछ लोगों ने इस लिस्ट का मजाक उड़ाते हुए इसे नौकरी के विज्ञापन जैसा बताया, वहीं कई महिलाओं ने उनका समर्थन किया. समर्थकों का कहना है कि हर व्यक्ति को अपना जीवनसाथी चुनते समय अपनी पसंद और शर्तें तय करने का पूरा अधिकार है.