menu-icon
India Daily

Uttarakhand Weather: उत्तराखंड में बारिश का कहर! 6 जिलों में यलो अलर्ट, मौसम विभाग ने जारी किया बड़ा अलर्ट

उत्तराखंड के 6 जिलों में भारी बारिश का यलो अलर्ट जारी किया गया है. पिथौरागढ़ में बारिश, यमुना नदी का जलस्तर बढ़ने और अलकनंदा-मंदाकिनी के खतरे के निशान के ऊपर बहने से प्रशासन ने सतर्कता बढ़ा दी है.

babli
Edited By: Babli Rautela
Uttarakhand Weather: उत्तराखंड में बारिश का कहर! 6 जिलों में यलो अलर्ट, मौसम विभाग ने जारी किया बड़ा अलर्ट
Courtesy: AI

उत्तराखंड में मानसून एक बार फिर जोर पकड़ चुका है. भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने शनिवार को राज्य के देहरादून, पौड़ी, उत्तरकाशी, पिथौरागढ़, नैनीताल और चंपावत जिलों में भारी बारिश का यलो अलर्ट जारी किया है. लगातार हो रही बारिश के कारण कई नदियों का जलस्तर तेजी से बढ़ रहा है. अलकनंदा और मंदाकिनी नदियां खतरे के निशान के ऊपर बह रही हैं, जबकि यमुनोत्री धाम के प्रमुख पड़ाव स्यानाचट्टी में यमुना नदी का जलस्तर भी लगातार बढ़ रहा है. प्रशासन और आपदा प्रबंधन विभाग ने लोगों से सतर्क रहने और विशेष रूप से पहाड़ी क्षेत्रों में अनावश्यक यात्रा से बचने की अपील की है.

पिथौरागढ़ में बारिश, यमुना नदी उफान पर

सोमवार सुबह पिथौरागढ़ में तेज बारिश दर्ज की गई. वहीं उत्तरकाशी जिले के बड़कोट स्थित स्यानाचट्टी में यमुना नदी का जलस्तर लगातार बढ़ने से स्थानीय प्रशासन सतर्क हो गया है. दूसरी ओर, केदारनाथ धाम पैदल मार्ग सुरक्षित घोषित किए जाने के बाद श्रद्धालुओं को सुबह से सोनप्रयाग से धाम के लिए रवाना किया जा रहा है. हालांकि प्रशासन लगातार मौसम पर नजर बनाए हुए है.

मौसम विज्ञान केंद्र देहरादून के अनुसार पर्वतीय जिलों में कई स्थानों पर तेज से अति तीव्र बारिश हो सकती है. वहीं मैदानी क्षेत्रों में गरज-चमक और आकाशीय बिजली गिरने की आशंका जताई गई है. मौसम विभाग ने लोगों को नदी-नालों के किनारे जाने से बचने, भूस्खलन संभावित क्षेत्रों में अतिरिक्त सावधानी बरतने और खराब मौसम के दौरान यात्रा टालने की सलाह दी है.

देहरादून में दिनभर बादल और बारिश

राजधानी देहरादून में पूरे दिन बादल छाए रहने की संभावना है. मौसम विभाग के अनुसार कई दौर की हल्की से मध्यम बारिश के साथ कुछ इलाकों में तेज बौछारें पड़ सकती हैं. गरज-चमक और बिजली गिरने की भी आशंका बनी हुई है. देहरादून में अधिकतम तापमान लगभग 30 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है. पिछले 24 घंटों के दौरान राज्य के कई हिस्सों में अच्छी बारिश रिकॉर्ड की गई. सबसे अधिक वर्षा मसूरी में 70.5 मिमी दर्ज की गई.

इसके अलावा:

  •  हाथीबड़कला (देहरादून) – 51.5 मिमी
  •  पौड़ी – 24.5 मिमी
  •  रायवाला – 22.5 मिमी

लगातार बारिश से पहाड़ी क्षेत्रों में मौसम सुहावना हो गया है, जबकि कई स्थानों पर तापमान में भी गिरावट दर्ज की गई.

अगले तीन दिन कैसा रहेगा मौसम?

  •  2 अगस्त

देहरादून, टिहरी, रुद्रप्रयाग, पिथौरागढ़, बागेश्वर और नैनीताल में कहीं-कहीं भारी बारिश की संभावना है. पर्वतीय क्षेत्रों में तेज बारिश और आकाशीय बिजली गिरने का खतरा बना रहेगा. हरिद्वार और ऊधम सिंह नगर में भी गरज-चमक की संभावना है.

  •  3 अगस्त

देहरादून, रुद्रप्रयाग, चमोली, नैनीताल, चंपावत, पिथौरागढ़ और बागेश्वर में भारी बारिश का अनुमान है. पर्वतीय इलाकों में अति तीव्र बारिश और बिजली गिरने की चेतावनी जारी की गई है.

  •  4 अगस्त

देहरादून, टिहरी, नैनीताल और बागेश्वर जिलों में भारी बारिश का दौर जारी रह सकता है. हरिद्वार और ऊधम सिंह नगर में भी गरज-चमक और वज्रपात की आशंका बनी रहेगी.