menu-icon
India Daily

इंजीनियरिंग छोड़ चुनी एक्टिंग, मिला कंगना की 'सस्ती कॉपी' का टैग; इस फिल्म से चमकी थी तापसी पन्नू की किस्मत

तापसी पन्नू आज अपना 40वां जन्मदिन मना रही हैं. इंजीनियरिंग की नौकरी छोड़कर फिल्मों में कदम रखने से लेकर 'सस्ती कॉपी' विवाद और दमदार फिल्मों तक, जानिए उनकी जिंदगी के दिलचस्प किस्से.

babli
Edited By: Babli Rautela
इंजीनियरिंग छोड़ चुनी एक्टिंग, मिला कंगना की 'सस्ती कॉपी' का टैग; इस फिल्म से चमकी थी तापसी पन्नू की किस्मत
Courtesy: Instagram

बॉलीवुड की बेबाक और दमदार अभिनेत्रियों में शुमार तापसी पन्नू आज अपना 40वां जन्मदिन मना रही हैं. अपनी शानदार एक्टिंग, अलग तरह की फिल्मों के चुनाव और बेबाक अंदाज के लिए पहचान बनाने वाली तापसी का फिल्मी सफर बिल्कुल आसान नहीं रहा. कभी वह एक सॉफ्टवेयर इंजीनियर थीं, लेकिन अभिनय का सपना उन्हें मायानगरी तक ले आया. इस सफर में उन्हें कई चुनौतियों का सामना करना पड़ा, विवादों में भी रहीं और आलोचनाएं भी झेलीं, लेकिन उन्होंने अपनी मेहनत से इंडस्ट्री में खास पहचान बनाई.

इंजीनियरिंग की नौकरी छोड़ चुनी एक्टिंग

तापसी पन्नू का जन्म 1 अगस्त 1987 को नई दिल्ली के एक सिख परिवार में हुआ था. पढ़ाई में शुरू से ही तेज रहीं तापसी ने स्कूल की शिक्षा पूरी करने के बाद गुरु तेग बहादुर इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी से कंप्यूटर साइंस में इंजीनियरिंग की पढ़ाई की. डिग्री पूरी करने के बाद उन्होंने कुछ समय तक एक सॉफ्टवेयर कंपनी में इंजीनियर के तौर पर नौकरी भी की. हालांकि उनका मन हमेशा कुछ अलग करने का था. इसी वजह से उन्होंने नौकरी छोड़ दी और मॉडलिंग की दुनिया में कदम रखा. यही फैसला आगे चलकर उनके फिल्मी करियर की सबसे बड़ी शुरुआत साबित हुआ.

मॉडलिंग से फिल्मों तक का सफर

साल 2008 में तापसी ने टैलेंट हंट शो 'Get Gorgeous' में हिस्सा लिया. इसके बाद उन्हें मॉडलिंग के कई मौके मिले और विज्ञापनों में काम करने लगीं. साल 2010 में उन्होंने तेलुगु फिल्म 'Jhummandi Naadam' से अभिनय की शुरुआत की. साउथ फिल्म इंडस्ट्री में काम करने के बाद तीन साल बाद उन्होंने बॉलीवुड में कदम रखा.

तापसी ने 2013 में डेविड धवन की फिल्म 'चश्मे बद्दूर' से हिंदी सिनेमा में डेब्यू किया. हालांकि उन्हें असली पहचान 'पिंक', 'मुल्क', 'मनमर्जियां', 'बदला', 'थप्पड़', 'हसीन दिलरुबा' और 'रश्मि रॉकेट' जैसी फिल्मों से मिली. इन फिल्मों में उनके अभिनय को दर्शकों और समीक्षकों दोनों ने सराहा. धीरे-धीरे तापसी ऐसी अभिनेत्री बन गईं, जो कंटेंट-ड्रिवन फिल्मों के लिए पहली पसंद मानी जाने लगीं.

जब एक्टर की पत्नी की वजह से गंवानी पड़ी फिल्म

एक इंटरव्यू में तापसी ने अपने करियर का एक कड़वा अनुभव साझा किया था. उन्होंने बताया कि एक फिल्म में उन्हें इसलिए बाहर कर दिया गया क्योंकि उस फिल्म के मुख्य अभिनेता की पत्नी नहीं चाहती थीं कि वह उस प्रोजेक्ट का हिस्सा बनें. हालांकि तापसी ने कभी उस अभिनेता या उनकी पत्नी का नाम सार्वजनिक नहीं किया. उन्होंने कहा कि उस घटना ने उन्हें काफी कुछ सिखाया और आगे बढ़ने का हौसला भी दिया.

'सस्ती कॉपी' विवाद ने खूब बटोरी सुर्खियां

तापसी पन्नू का नाम अभिनेत्री कंगना रनौत के साथ हुए विवाद को लेकर भी काफी चर्चा में रहा. साल 2019 में कंगना रनौत की बहन रंगोली चंदेल ने सोशल मीडिया पर तापसी को "कंगना की सस्ती कॉपी" कहा था. इस बयान के बाद दोनों पक्षों के बीच लंबे समय तक जुबानी जंग चली. तापसी ने इस टिप्पणी का जवाब बेहद शांत अंदाज में दिया. उन्होंने सोशल मीडिया पर लिखा कि "क्वीन तो कंगना ही रहें, नहीं तो मुझे फिर कॉपी कहा जाएगा."

साल 2021 में तापसी पन्नू के घर आयकर विभाग की छापेमारी हुई थी. इसके बाद उन्होंने सोशल मीडिया पर सफाई दी और खुद पर लगे आरोपों को खारिज किया. इस मामले में भी कंगना रनौत ने उन पर निशाना साधा, जिसके बाद दोनों के बीच बयानबाजी एक बार फिर सुर्खियों में रही. बाद के वर्षों में तापसी ने एक इंटरव्यू में कहा था कि उन्हें कंगना रनौत जितनी फीस नहीं मिलती, इसलिए अगर लोग उन्हें "सस्ती" कहते हैं तो उन्हें इससे कोई दिक्कत नहीं है. समय के साथ दोनों के बीच का विवाद भी धीरे-धीरे शांत हो गया.