menu-icon
India Daily

उत्तराखंड में आज सभी जिलों में बारिश के आसार, केदारनाथ यात्रा तीसरे दिन भी बंद; 500 से ज्यादा यात्री फंसे

उत्तराखंड में मौसम एक बार फिर चुनौती बनता नजर आ रहा है. मौसम विभाग ने मंगलवार को सभी जिलों में बारिश की संभावना जताई है. पहाड़ी क्षेत्रों में गरज-चमक के साथ तेज से अति तेज बारिश और आकाशीय बिजली का खतरा है.

shanu
Edited By: Shanu Sharma
उत्तराखंड में आज सभी जिलों में बारिश के आसार, केदारनाथ यात्रा तीसरे दिन भी बंद; 500 से ज्यादा यात्री फंसे
Courtesy: ANI

उत्तराखंड में मंगलवार को मौसम का मिजाज बिगड़ा रह सकता है. मौसम विभाग ने प्रदेश के सभी जिलों में बारिश की संभावना जताई है. खासकर पर्वतीय क्षेत्रों में गरज और चमक के साथ तेज से अति तेज बारिश के दौर की आशंका है. इसके साथ ही कुछ इलाकों में आकाशीय बिजली गिरने का खतरा भी बना हुआ है.

मौसम को देखते हुए पहाड़ी क्षेत्रों में रहने वाले लोगों और यात्रियों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है. अचानक तेज बारिश होने से स्थानीय स्तर पर मुश्किलें बढ़ सकती हैं.

केदारनाथ पैदल मार्ग पर तीसरे दिन भी यात्रा बंद

केदारनाथ यात्रा मार्ग पर चीरबासा के पास पहाड़ी से लगातार पत्थर गिरने के कारण पैदल यात्रा तीसरे दिन भी बंद रही. रास्ते पर खतरा बने होने के कारण यात्रियों की आवाजाही रोक दी गई है. सुरक्षा बलों ने करीब 7 हजार यात्रियों को सुरक्षित निकालकर गौरीकुंड की ओर भेजा.

आपदा प्रबंधन अधिकारियों के मुताबिक, मार्ग पर मौजूद बाकी यात्रियों को मौसम और रास्ते की स्थिति सामान्य होने के बाद गौरीकुंड की ओर भेजा जाएगा. वहीं, लोक निर्माण विभाग की टीम पैदल मार्ग को दुरुस्त करने के काम में जुटी हुई है. फिलहाल यात्रा मार्ग पर 500 से ज्यादा लोगों के फंसे होने की जानकारी है.

रास्ते में दिखे घोड़े-खच्चरों के शव

केदारनाथ पैदल मार्ग पर हालात चिंताजनक बने हुए हैं. रास्ते में अलग-अलग जगहों पर घोड़े और खच्चरों के शव पड़े दिखाई दे रहे हैं. लगातार खराब मौसम और मार्ग पर बने खतरे के कारण यात्रियों की परेशानी बढ़ी हुई है. प्रशासन की प्राथमिकता फिलहाल यात्रियों को सुरक्षित निकालना और मार्ग को आवाजाही के योग्य बनाना है. नैनीताल में सोमवार को मूसलाधार बारिश हुई, जिसके बाद कई सड़कों पर पानी भर गया. 

16 से 18 सितंबर तक कैसा रहेगा मौसम?

16 सितंबर: पहाड़ी जिलों में कुछ स्थानों पर गरज-चमक के साथ आकाशीय बिजली गिरने और तेज से अति तेज बारिश होने की संभावना है.

17 सितंबर: प्रदेश के सभी जिलों में मौसम मुख्य रूप से शुष्क रहने का अनुमान है. हालांकि पर्वतीय क्षेत्रों में बारिश हो सकती है.

18 सितंबर: सभी जिलों में मौसम शुष्क रहने की संभावना है. पर्वतीय इलाकों में कहीं-कहीं हल्की बारिश देखने को मिल सकती है.