उत्तराखंड: रिलायंस इंडस्ट्रीज के चेयरमैन और देश के प्रमुख उद्योगपति मुकेश अंबानी ने सोमवार को पवित्र बद्रीनाथ और केदारनाथ धाम के दर्शन किए. उन्होंने भगवान बद्रीविशाल और बाबा केदारनाथ की पूजा-अर्चना की और पूरे देश की सुख-समृद्धि, शांति एवं खुशहाली की कामना की. सुबह सबसे पहले मुकेश अंबानी श्री बदरीनाथ धाम पहुंचे. बद्रीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति (बीकेटीसी) ने उनका भव्य स्वागत किया और उन्हें प्रसाद भेंट किया.
दर्शन के दौरान मुकेश अंबानी ने मंदिर समिति को 10 करोड़ रुपये का बड़ा दान दिया. इसमें बदरीनाथ धाम की बेहतर व्यवस्थाओं और विकास के लिए 5 करोड़ रुपये तथा केदारनाथ धाम के लिए अलग से 5 करोड़ रुपये का चेक सौंपा गया.
बीकेटीसी अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी ने कहा कि अंबानी परिवार की बद्रीनाथ और केदारनाथ के प्रति गहरी आस्था है. हर साल की तरह इस बार भी उन्होंने 10 करोड़ रुपये का दान दिया है. उन्होंने मुकेश अंबानी का आभार व्यक्त किया.
इस मौके पर बीकेटीसी के उपाध्यक्ष ऋषि प्रसाद सती, सदस्य धीरज मौनू पंचभैया, मुख्य कार्याधिकारी सोहन सिंह रांगड़, प्रभारी अधिकारी गिरीश चौहान समेत कई पदाधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे. सभी ने मुकेश अंबानी का स्वागत किया और उनके उदार सहयोग के लिए धन्यवाद दिया.
मुकेश अंबानी का यह दान बद्रीनाथ और केदारनाथ धाम की सुविधाओं को और बेहतर बनाने में मदद करेगा. चारधाम यात्रा पर आने वाले लाखों श्रद्धालुओं को इसका फायदा मिलेगा. अंबानी परिवार लंबे समय से धार्मिक स्थलों के विकास और समाज सेवा के कार्यों में सक्रिय रहा है. यह दान उनकी धार्मिक निष्ठा और सामाजिक योगदान को दर्शाता है.