menu-icon
India Daily

​चमोली हेलीकॉप्टर हादसा को लेकर CM पुष्कर सिंह धामी ने जताया शोक, दिए उच्चस्तरीय जांच के आदेश

उत्तराखंड के चमोली जनपद में हुए दर्दनाक हेलीकॉप्टर हादसे पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गहरा दुख व्यक्त किया है.

Shilpa Shrivastava
Nasir Husain
Reported By: Nasir Husain
​चमोली हेलीकॉप्टर हादसा को लेकर CM पुष्कर सिंह धामी ने जताया शोक, दिए उच्चस्तरीय जांच के आदेश
Courtesy: X

चमोली: उत्तराखंड के चमोली जनपद में हुए दर्दनाक हेलीकॉप्टर हादसे पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गहरा दुख व्यक्त किया है. हादसे में हुई जनहानि पर संवेदना प्रकट करते हुए मुख्यमंत्री ने दिवंगतों की आत्मा की शांति और शोक संतप्त परिजनों को इस कठिन समय में संबल प्रदान करने की ईश्वर से प्रार्थना की है.

​दुर्घटना के कारणों की होगी विस्तृत जांच:

​घटना की गंभीरता को देखते हुए मुख्यमंत्री ने प्रशासनिक और संबंधित अधिकारियों को हादसे के कारणों की विस्तृत और उच्चस्तरीय जांच के सख्त निर्देश दिए हैं. उन्होंने स्पष्ट किया कि दुर्घटना के हर पहलू की गहनता से जांच की जाए ताकि कारणों का सटीक पता लगाया जा सके.

​प्रभावित परिवारों को मिलेगी तत्काल सहायता:

​मुख्यमंत्री धामी ने स्थानीय जिला प्रशासन को मुस्तैद रहने और प्रभावित परिवारों को तुरंत हरसंभव सहायता पहुंचाने के निर्देश दिए हैं. उन्होंने अधिकारियों को कहा कि राहत कार्य, आवश्यक सहायता और अन्य प्रशासनिक व्यवस्थाएं बिना किसी देरी के तत्परता से सुनिश्चित की जाएं.

क्या हुआ था?

उत्तराखंड के चमोली जिले में शुक्रवार को बड़ा हेलीकॉप्टर हादसा हो गया. बद्रीनाथ धाम से देहरादून लौट रहा एक हेलीकॉप्टर जोशीमठ के पास चाई गांव में पहाड़ी से टकराकर दुर्घटनाग्रस्त हो गया. इस हादसे में पायलट समेत हेलीकॉप्टर में सवार सभी छह लोगों की मौत हो गई. पुलिस के मुताबिक, सभी शव बरामद कर लिए गए हैं.

यह हेलीकॉप्टर ट्रांस भारत एविएशन प्राइवेट लिमिटेड का था. इसमें पायलट कैप्टन हिमांशु के अलावा पांच यात्री सवार थे. यात्रियों की पहचान प्रथापा, अरुण, शंकरगौड़ा वीजी, सुधीर के और एचएस नागराजा के रूप में हुई है. शुरुआती जानकारी के मुताबिक, सभी यात्री बेंगलुरु के रहने वाले थे.