उत्तराखंड में मानसून का असर लगातार बना हुआ है. मौसम विज्ञान केंद्र देहरादून ने आज यानी बृहस्पतिवार को प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना जताते हुए विशेष चेतावनी जारी की है.
विभाग के अनुसार राज्य के अधिकांश क्षेत्रों में हल्की से मध्यम बारिश का दौर जारी रह सकता है, जबकि कुछ जिलों में तेज बारिश के साथ गरज चमक और आकाशीय बिजली गिरने की आशंका भी बनी हुई है.
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार देहरादून, चमोली और बागेश्वर जिलों में कहीं कहीं भारी से बहुत भारी वर्षा होने की संभावना है. इन क्षेत्रों में बारिश का दौर अचानक तेज हो सकता है. इसके साथ ही गरज चमक और आकाशीय बिजली गिरने का खतरा भी बना रहेगा. संभावित मौसम परिस्थितियों को देखते हुए इन तीनों जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है. देहरादून, चमोली और बागेश्वर के अलावा टिहरी, उत्तरकाशी, पौड़ी, पिथौरागढ़, चंपावत, नैनीताल और रुद्रप्रयाग जिलों में भी भारी बारिश की संभावना जताई गई है. इन जिलों के लिए यलो अलर्ट जारी किया गया है. मौसम विभाग का कहना है कि इन इलाकों में कुछ स्थानों पर तेज बारिश हो सकती है, जिससे स्थानीय स्तर पर जलभराव और पहाड़ी मार्गों पर बाधाएं उत्पन्न होने की आशंका है.
बारिश के पूर्वानुमान को देखते हुए मौसम विभाग ने नागरिकों से नदी, नालों और बरसाती जलधाराओं के आसपास जाने से बचने की सलाह दी है. पहाड़ी क्षेत्रों में यात्रा करने वाले लोगों को विशेष सावधानी बरतने और मौसम की जानकारी लेकर ही सफर करने की अपील की गई है. भूस्खलन संभावित क्षेत्रों में अनावश्यक आवाजाही से बचने की भी सलाह दी गई है. संभावित भारी बारिश को देखते हुए प्रशासन और आपदा प्रबंधन विभाग को भी पूरी तरह सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं. संवेदनशील क्षेत्रों पर लगातार नजर रखने, राहत एवं बचाव दलों को तैयार रखने तथा किसी भी आपात स्थिति में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने के लिए संबंधित अधिकारियों को अलर्ट रहने को कहा गया है. मौसम विभाग ने लोगों से अपील की है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और केवल आधिकारिक मौसम बुलेटिन के आधार पर ही अपनी गतिविधियां तय करें.