चीन के शंघाई स्थित राष्ट्रीय प्रदर्शनी एवं कन्वेंशन सेंटर में 'वर्ल्डस्किल्स 2026' प्रतियोगिता का शानदार शुभारंभ हो चुका है. 22 सितंबर को भव्य ओपनिंग सेरेमनी और 'परेड ऑफ नेशंस' के बाद 23 सितंबर से विभिन्न कौशल स्पर्धाएं शुरू हुईं. इस बार प्रतियोगिता में भारत का अब तक का सबसे बड़ा 70 सदस्यीय दल भाग ले रहा है, जो 63 अलग-अलग स्किल श्रेणियों में दुनिया भर के प्रतियोगियों को चुनौती दे रहा है.
वर्ल्डस्किल्स शंघाई 2026 में भारत का प्रतिनिधित्व करने वाले इस दल में उत्तर प्रदेश के दो युवाओं का शामिल होना पूरे राज्य के लिए गर्व की बात है. लखनऊ के कैफ खान और लखीमपुर खीरी के रुद्र प्रताप अंतरराष्ट्रीय मंच पर भारत की ओर से अपनी-अपनी कौशल श्रेणी में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवा रहे हैं.
लखनऊ के रहने वाले कैफ खान 'कार पेंटिंग' स्किल कैटेगरी में देश का प्रतिनिधित्व कर रहे हैं. कैफ ने राज्य, क्षेत्रीय और राष्ट्रीय स्तर पर स्वर्ण पदक जीते हैं. उन्होंने मारुति सुजुकी और एक्साल्टा कोटिंग सिस्टम्स से पेशेवर प्रशिक्षण प्राप्त किया है. साथ ही, वैश्विक मानकों के अनुसार खुद को तैयार करने के लिए उन्होंने जर्मनी और डेनमार्क में भी विशेष ट्रेनिंग ली है.
लखीमपुर खीरी के रुद्र प्रताप 'कंक्रीट कंस्ट्रक्शन वर्क' श्रेणी में भारत का मान बढ़ा रहे हैं. रुद्र ने इस विधा में राज्य, क्षेत्रीय और राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में तीन स्वर्ण पदक अपने नाम किए हैं. एलएंडटी (L&T) के मार्गदर्शन में निरंतर प्रशिक्षण प्राप्त कर उन्होंने राष्ट्रीय चयन प्रक्रिया में सफलता पाई और टीम इंडिया में अपनी जगह पक्की की.
शंघाई रवाना होने से पहले 15 सितंबर को नई दिल्ली स्थित कौशल भवन में आयोजित ‘सेंड-ऑफ सेरेमनी’ के दौरान कौशल विकास एवं उद्यमशीलता राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) जयंत चौधरी ने दोनों युवाओं से मुलाकात कर उनका उत्साहवर्धन किया था.
यह चार दिवसीय अंतरराष्ट्रीय कौशल प्रतियोगिता 26 सितंबर तक चलेगी. इसके बाद 27 सितंबर को सभी स्पर्धाओं के परिणाम घोषित किए जाएंगे और इसी दिन समापन समारोह आयोजित होगा. यूपी के दोनों युवा देश के लिए स्वर्ण पदक जीतने के लक्ष्य के साथ प्रतिस्पर्धा कर रहे हैं.