केंद्र सरकार ने रबी सीजन 2026-27 में किसानों को उर्वरकों की बढ़ती कीमतों से राहत देने के लिए बड़ा फैसला लिया है. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में केंद्रीय मंत्रिमंडल ने फॉस्फेटिक और पोटाशिक (P&K) उर्वरकों पर पोषक तत्व आधारित सब्सिडी (NBS) की नई दरों को मंजूरी दे दी है. यह फैसला 1 अक्टूबर 2026 से 31 मार्च 2027 तक लागू रहेगा.
सरकार ने रबी सीजन के लिए 62,370.02 करोड़ रुपये की सब्सिडी मंजूर की है. यह पिछले सीजन के 37,952.29 करोड़ रुपये के मुकाबले 24,417.73 करोड़ रुपये यानी करीब 64 प्रतिशत अधिक है. अंतरराष्ट्रीय बाजार में यूरिया, DAP, MOP और सल्फर की कीमतों में उतार-चढ़ाव को देखते हुए सब्सिडी की दरें तय की गई हैं.
इस फैसले के तहत DAP और NPKS सहित P&K उर्वरकों के 28 ग्रेड सब्सिडी वाली कीमतों पर उपलब्ध होंगे. सरकार तय नियमों के अनुसार उर्वरक कंपनियों को सीधे सब्सिडी देगी, ताकि किसानों को खाद उचित कीमत पर मिल सके.
P&K उर्वरकों पर पोषक तत्व आधारित सब्सिडी योजना 1 अप्रैल 2010 से चल रही है. इसका उद्देश्य अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमतें बढ़ने के बावजूद किसानों को खाद उपलब्ध कराना और खेती की लागत को नियंत्रित रखना है.
रबी सीजन में गेहूं, सरसों और चने जैसी फसलों के लिए DAP और पोटाश की मांग रहती है. नई सब्सिडी दरों से किसानों को बुवाई के दौरान खाद की कीमतों का बोझ कम करने में मदद मिलने की उम्मीद है.