ग्रेटर नोएडा में शुक्रवार को चौथे UP International Trade Show की शुरुआत हुई. केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इसका उद्घाटन किया. शाह ने यूपी में कानून-व्यवस्था और निवेश के माहौल का जिक्र किया. वहीं योगी ने पारंपरिक उत्पादों और ODOP के जरिए कारोबार बढ़ाने की बात कही.
अमित शाह ने कहा कि एक समय उत्तर प्रदेश में माफियाओं का प्रभाव था और 2017 में भाजपा सरकार बनने के बाद स्थिति बदली. उन्होंने कहा कि निवेश के लिए अच्छी कानून-व्यवस्था, बेहतर औद्योगिक नीति, सक्रिय सरकार और सहयोग की जरूरत होती है. शाह के मुताबिक ये स्थितियां अब यूपी में मौजूद हैं, इसलिए राज्य में निवेश का माहौल बना है. उन्होंने पुराने दौर का जिक्र करते हुए कहा कि 2013 में कानून-व्यवस्था को लेकर अधिकारियों ने लखनऊ में निवेश सम्मेलन कराने पर आपत्ति जताई थी.
अमित शाह सुबह करीब 11:30 बजे ट्रेड शो पहुंचे. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पहले से वहां मौजूद थे. दोनों नेताओं ने इलेक्ट्रिक गोल्फ कार्ट में बैठकर प्रदर्शनी का दौरा किया और अलग-अलग स्टॉल पर उत्पादों की जानकारी ली. मंच पर भी दोनों के बीच काफी देर बातचीत हुई. योगी ने शाह को राधा-कृष्ण की प्रतिमा भेंट की. शाह ने यूपी में बने रक्षा उत्पादों का जिक्र करते हुए कहा कि राज्य में तैयार ब्रह्मोस मिसाइलें पाकिस्तान को लेकर अपनी सुरक्षा क्षमता दिखाती हैं.
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि देश की शक्तियां बंटने के दौर में भारत को नुकसान हुआ और इसका असर हस्तशिल्प, बुनकरों और पारंपरिक हुनर पर भी पड़ा. उन्होंने कहा कि ODOP के जरिए यूपी के पारंपरिक उद्योगों को नई पहचान मिली है. इस बार ट्रेड शो 25 से 29 सितंबर तक चलेगा. इसमें 2,400 से ज्यादा प्रदर्शक और 85 देशों से 550 से अधिक अंतरराष्ट्रीय खरीदारों की भागीदारी की उम्मीद है. इलेक्ट्रॉनिक्स, EV, डिफेंस, IT और फूड प्रोसेसिंग समेत कई क्षेत्रों के उत्पाद यहां प्रदर्शित किए जा रहे हैं.