menu-icon
India Daily

दिवाली पर पटाखों से प्रदूषण को लेकर CM योगी का बड़ा बयान, बोले- 'चिंता मत करिए, प्रदूषण भी कम हो जाएगा'

दिवाली के बाद देश के कई शहरों में बढ़ते वायु प्रदूषण को लेकर चर्चा तेज हो गई है. इसी बीच उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदूषण और दिवाली पर पटाखे फोड़ने को लेकर बड़ा बयान दिया है.

Shilpa Shrivastava
दिवाली पर पटाखों से प्रदूषण को लेकर CM योगी का बड़ा बयान, बोले- 'चिंता मत करिए, प्रदूषण भी कम हो जाएगा'
Courtesy: ANI X

नई दिल्ली: दिवाली के बाद देश के कई शहरों में बढ़ते वायु प्रदूषण को लेकर चर्चा तेज हो गई है. इसी बीच उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदूषण और दिवाली पर पटाखे फोड़ने को लेकर बड़ा बयान दिया है. बुधवार को लखनऊ में एक सरकारी कार्यक्रम के दौरान उन्होंने कहा कि लोगों ने इस बार दिवाली पूरे उत्साह के साथ मनाई है. पटाखे फोड़ने से अगर प्रदूषण बढ़ा है, तो वह कम भी हो जाएगा. इसलिए इसे लेकर ज्यादा चिंता करने की जरूरत नहीं है.

सीएम योगी ने कहा कि सरकार ने दिवाली पर पटाखे फोड़ने को लेकर कोई प्रतिबंध लगाने का फैसला नहीं किया था. उन्होंने लोगों के त्योहार मनाने के उत्साह का भी समर्थन किया. अपने बयान में उन्होंने भ्रष्टाचार के मुद्दे पर भी कुछ लोगों की चुप्पी को लेकर सवाल उठाए.

पटाखे ही प्रदूषण की एकमात्र वजह नहीं:

चैंबर ऑफ ट्रेड एंड इंडस्ट्री (CTI) ने भी वायु प्रदूषण के मुद्दे पर सभी राजनीतिक दलों से मिलकर काम करने की अपील की है. संगठन के चेयरमैन बृजेश गोयल ने कहा कि दिल्ली में बढ़ते प्रदूषण के लिए सिर्फ दिवाली के पटाखों को जिम्मेदार ठहराना सही नहीं है.

उन्होंने बताया कि 5, 6 और 7 नवंबर को दिल्ली का एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) 350 से 400 के बीच था, जबकि दिवाली 8 नवंबर को मनाई गई. ऐसे में पटाखों को ही प्रदूषण की एकमात्र वजह नहीं माना जा सकता. CTI ने पड़ोसी राज्यों में पराली जलाने की समस्या पर भी ध्यान देने की मांग की. सर्दियों में अक्टूबर से जनवरी के बीच पराली जलाने और मौसम की परिस्थितियों के कारण प्रदूषण की समस्या गंभीर हो जाती है.

दिल्ली में लोगों की सेहत पर पड़ रहा असर:

दिल्ली में खराब हवा के कारण लोगों को सिरदर्द, सूखी खांसी, आंखों में जलन और गले में परेशानी जैसी समस्याएं हो रही हैं. दिवाली की रात दिल्ली के 59 प्रदूषण निगरानी केंद्रों में से 20 पर हवा की स्थिति गंभीर, 33 पर बेहद खराब और 6 पर खराब दर्ज की गई. डॉक्टरों ने प्रदूषण से बचने के लिए N95 मास्क पहनने और निजी वाहनों की जगह सार्वजनिक परिवहन का इस्तेमाल करने की सलाह दी है.