menu-icon
India Daily

 देहरादून में 14 लाख की लूट का आरोपी बजरंग दल कार्यकर्ता गिरफ्तार, गुप्तकाशी से पुलिस ने दबोचा

 देहरादून में जमीन के सौदे के लिए ले जाए जा रहे 14 लाख रुपये की लूट में बजरंग दल कार्यकर्ता सिद्धांत बडोनी समेत सात आरोपी गिरफ्तार हो चुके हैं.

Sagar
Edited By: Sagar Bhardwaj
Nasir Husain
Reported By: Nasir Husain
 देहरादून में 14 लाख की लूट का आरोपी बजरंग दल कार्यकर्ता गिरफ्तार, गुप्तकाशी से पुलिस ने दबोचा
Courtesy: Nasir husain

उत्तराखंड की राजधानी देहरादून में दिनदहाड़े 14 लाख रुपये की लूट के मामले में पुलिस ने बजरंग दल से जुड़े कार्यकर्ता सिद्धांत बडोनी समेत दो और आरोपियों को गिरफ्तार किया है. दोनों आरोपी घटना के बाद से फरार थे. पुलिस ने उन्हें रुद्रप्रयाग जिले के गुप्तकाशी से पकड़ा. उनके पास से लूट की रकम के 82 हजार रुपये बरामद हुए हैं. इस मामले में अब तक सात आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है.

जमीन के सौदे के लिए ले जा रहे थे 14 लाख रुपये

यह घटना 7 नवंबर को पटेलनगर इलाके में इंद्रेश अस्पताल के पास हुई थी. राजेश कुमार सोनी अपने साथियों दिनेश तिवारी, ओमकार और गुरविंदर के साथ जमीन का सौदा करने के लिए 14 लाख रुपये लेकर जा रहे थे. इसी दौरान कुछ युवकों ने उन्हें घेर लिया. आरोपियों ने मारपीट कर रुपयों से भरा बैग लूट लिया और फरार हो गए. राजेश की शिकायत पर पटेलनगर कोतवाली में मामला दर्ज किया गया था.

अब तक सात आरोपी गिरफ्तार

पुलिस ने 9 नवंबर को सरवजीत सिंह उर्फ हैप्पी, जसमीत सिंह और शक्ति सिंह को गिरफ्तार किया था. इनके पास से 1.50 लाख रुपये मिले थे. इसके बाद 10 नवंबर को कर्ण यादव और सोहेल अख्तर उर्फ साहिल उर्फ सल्लू को पकड़ा गया.

सर्विलांस की मदद से पुलिस ने सिद्धांत बडोनी और दीपक सिंह शेखावत को गुप्तकाशी से गिरफ्तार किया. सिद्धांत के पास से 40 हजार और दीपक के पास से 42 हजार रुपये बरामद हुए. अब तक सभी आरोपियों से कुल 3.02 लाख रुपये बरामद किए जा चुके हैं.

हॉस्टल में चेकिंग को लेकर भी चर्चा में था सिद्धांत

बताया गया है कि सिद्धांत बडोनी सोशल मीडिया पर लोकप्रियता हासिल करने के लिए छात्रावासों में जाकर खुद चेकिंग करता था. वह कानून का हवाला देकर देहरादून के कई हॉस्टलों में छात्रों को परेशान करता था. पुलिस अब लूटकांड से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है.