menu-icon
India Daily

क्या है प्रोजेक्ट गंगा? CM योगी की ये योजना कैसे बदलेगी हर गांव की तस्वीर, बढ़ेगा रोजगार

प्रोजेक्ट गंगा के जरिए करीब 20 लाख ग्रामीण परिवारों को हाई स्पीड इंटरनेट उपलब्ध कराया जाएगा. इसके साथ ही 8 से 10 हजार डिजिटल सर्विस प्रोवाइडर तैयार किए जाएंगे. इससे एक लाख से ज्यादा युवाओं को प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रोजगार मिलने की उम्मीद है.

antima
Edited By: Antima Pal
क्या है प्रोजेक्ट गंगा? CM योगी की ये योजना कैसे बदलेगी हर गांव की तस्वीर, बढ़ेगा रोजगार
Courtesy: Pinterest

Project Ganga: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उत्तर प्रदेश के ग्रामीण क्षेत्रों को डिजिटल रूप से सशक्त बनाने के लिए महत्वाकांक्षी 'प्रोजेक्ट गंगा' की शुरुआत कर दी है. इस परियोजना के तहत प्रदेश की लगभग 57 हजार ग्राम पंचायतों को हाई स्पीड ब्रॉडबैंड इंटरनेट से जोड़ा जाएगा. 

सीएम योगी ने इसे प्रदेश का नया 'डिजिटल एक्सप्रेसवे' बताया है. मंगलवार को इस योजना का शुभारंभ करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रोजेक्ट गंगा गांवों में डिजिटल क्रांति लाएगा. इससे न सिर्फ इंटरनेट पहुंचेगा बल्कि स्वरोजगार के नए अवसर भी पैदा होंगे. योजना का मकसद अंतिम छोर तक हाई स्पीड कनेक्टिविटी पहुंचाना है.

क्या हैं लक्ष्य?

प्रोजेक्ट गंगा के जरिए करीब 20 लाख ग्रामीण परिवारों को हाई स्पीड इंटरनेट उपलब्ध कराया जाएगा. इसके साथ ही 8 से 10 हजार डिजिटल सर्विस प्रोवाइडर तैयार किए जाएंगे. इससे एक लाख से ज्यादा युवाओं को प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रोजगार मिलने की उम्मीद है. पहले चरण में 21 जिलों में काम शुरू हो रहा है. बाद में इसे पूरे प्रदेश की 57 हजार ग्राम पंचायतों और 8 हजार न्याय पंचायतों तक विस्तारित किया जाएगा. इससे गांवों को स्मार्ट विलेज बनाने में मदद मिलेगी.

युवाओं को मिलेगा लाभ

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि ब्रॉडबैंड कनेक्टिविटी आज की जरूरत है. तेज इंटरनेट से विकास की रफ्तार भी तेज होगी. 'सीएम युवा' योजना के तहत चयनित युवाओं को 5 लाख रुपये तक ब्याज मुक्त ऋण दिया जाएगा ताकि वे डिजिटल सेवा केंद्र शुरू कर सकें. इस परियोजना को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 'डिजिटल इंडिया' मिशन से जोड़ा गया है. 

सीएम योगी ने कहा कि जिस तरह मां गंगा विकास और समृद्धि का प्रतीक हैं, उसी तरह प्रोजेक्ट गंगा उत्तर प्रदेश की डिजिटल समृद्धि का आधार बनेगा. 

किन क्षेत्रों में होगा फायदा?  

डिजिटल शिक्षा

टेलीमेडिसिन (दूर से इलाज)
  
ई-गवर्नेंस
  
कौशल विकास
  
ऑनलाइन व्यापार

वित्त मंत्री सुरेश कुमार खन्ना और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री सुनील कुमार शर्मा ने भी इस योजना को प्रदेश के समग्र विकास की दिशा में बड़ा कदम बताया. हिंदुजा ग्रुप को इस पहल के लिए बधाई दी गई. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का कहना है कि डिजिटल कनेक्टिविटी से ग्रामीण युवा आत्मनिर्भर बनेंगे और गांवों की तस्वीर पूरी तरह बदल जाएगी. प्रोजेक्ट गंगा उत्तर प्रदेश को डिजिटल रूप से मजबूत बनाने की दिशा में एक ऐतिहासिक पहल साबित होगा.