सरकारी शिक्षक बनने का सपना देख रहे लाखों लोगों के लिए राहत भरी खबर सामने आई है. उत्तर प्रदेश में लंबे समय से खाली पड़े शिक्षक पदों को भरने की दिशा में बड़ा कदम उठाया गया है. प्रदेश में लगभग 60 हजार शिक्षकों की भर्ती की तैयारी शुरू हो चुकी है और विभागीय स्तर पर आवश्यक प्रक्रिया तेजी से आगे बढ़ रही है.
बेसिक शिक्षा विभाग ने शहरी क्षेत्रों के विद्यालयों में खाली पड़े शिक्षक पदों का ब्यौरा उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग (UPESSC) को भेज दिया है. अब ग्रामीण जिलों से भी रिक्तियों का विवरण एकत्र किया जा रहा है. अधिकारियों का मानना है कि सभी जिलों से जानकारी मिलने के बाद अंतिम आंकड़ा आयोग को सौंप दिया जाएगा. इसके बाद भर्ती प्रक्रिया को औपचारिक रूप से आगे बढ़ाया जाएगा. लंबे समय से शिक्षकों की कमी झेल रहे सरकारी स्कूलों को इस भर्ती से बड़ी राहत मिलने की संभावना है.
आंकड़ों के अनुसार, प्रदेश में करीब 60 हजार शिक्षक पद रिक्त हैं. इनमें 11,508 पद शहरी विद्यालयों में हैं. वहीं 48 हजार से अधिक पद ग्रामीण क्षेत्रों के स्कूलों में खाली पड़े हैं. वर्षों से नई भर्ती नहीं होने के कारण कई स्कूलों में शिक्षण व्यवस्था प्रभावित हो रही है. शिक्षा विभाग का मानना है कि इन रिक्तियों को भरने से पढ़ाई की गुणवत्ता में सुधार आएगा और छात्रों को पर्याप्त शिक्षक उपलब्ध हो सकेंगे. विशेष रूप से ग्रामीण क्षेत्रों में इस भर्ती का असर अधिक दिखाई देगा.
इस भर्ती की सबसे खास बात यह है कि इसका आयोजन पहली बार उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग करेगा. आयोग के गठन के बाद यह सबसे बड़ा भर्ती अभियान माना जा रहा है. फिलहाल आधिकारिक अधिसूचना जारी नहीं हुई है लेकिन विभागीय तैयारियों को देखते हुए उम्मीद जताई जा रही है कि जल्द नोटिफिकेशन जारी किया जा सकता है. अभ्यर्थियों को सलाह दी गई है कि वे आयोग और शिक्षा विभाग की आधिकारिक वेबसाइट पर नियमित नजर बनाए रखें. इससे आवेदन तिथि, पात्रता और चयन प्रक्रिया से जुड़ी जानकारी समय पर मिल सके.