menu-icon
India Daily

UP Weather: यूपी में मानसून ने बदला मिजाज, कहीं झमाझम बारिश तो कहीं उमस से बेहाल होंगे लोग

उत्तर प्रदेश में मानसून की सक्रियता कमजोर पड़ रही है. लखनऊ और पूर्वी यूपी के 45 से अधिक जिलों में अगले चार दिनों तक छिटपुट बारिश और बूंदाबांदी की संभावना है.

Km Jaya
Edited By: Km Jaya
UP Weather: यूपी में मानसून ने बदला मिजाज, कहीं झमाझम बारिश तो कहीं उमस से बेहाल होंगे लोग
Courtesy: Chatgpt (Representative image)

लखनऊ: उत्तर प्रदेश में मानसून की सक्रियता अब कमजोर पड़ती दिखाई दे रही है. राजधानी लखनऊ और पूर्वी उत्तर प्रदेश के ज्यादातर जिलों में आने वाले दिनों में बारिश की गतिविधियां कम रहने की संभावना है. हालांकि प्रदेश के दक्षिणी हिस्सों में मानसून सक्रिय रहेगा और कई जिलों में मध्यम से भारी बारिश हो सकती है.

लखनऊ में शनिवार को कई दिनों बाद धूप निकली. दिन में बादलों की आवाजाही भी बनी रही और हल्की हवा चलती रही, जिससे उमस का असर कुछ कम महसूस हुआ. मौसम विभाग के अनुसार रविवार से मंगलवार तक प्रदेश के दक्षिणी जिलों में मध्यम से भारी बारिश का दौर देखने को मिल सकता है. वहीं बाकी हिस्सों में छिटपुट बारिश या बूंदाबांदी होने की संभावना है.

वरिष्ठ मौसम वैज्ञानिक ने क्या बताया?

वरिष्ठ मौसम वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह के अनुसार लखनऊ और आसपास के जिलों के अलावा पूर्वी और पश्चिमी उत्तर प्रदेश के 45 से अधिक जिलों में हल्की और छिटपुट बारिश हो सकती है. इन इलाकों में बादलों की आवाजाही के बीच धूप भी निकलने की संभावना है. बारिश कम होने और धूप निकलने से उमसभरी गर्मी लोगों को परेशान कर सकती है. यह स्थिति अगले चार दिनों तक बने रहने का अनुमान है.

आने वाले दिनों में कैसा रहेगा मौसम?

दक्षिणी उत्तर प्रदेश में मानसून की सक्रियता बनी रहने से कई जिलों में भारी बारिश का दौर जारी रह सकता है. ऐसे में दक्षिणी जिलों में रहने वाले लोगों को मौसम के बदलाव पर नजर रखने की जरूरत है. वहीं अन्य जिलों में बारिश कम होने से दिन के तापमान में बढ़ोतरी हो सकती है.

राजधानी में कितना है तापमान?

लखनऊ में शनिवार को अधिकतम तापमान 33.5 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 27.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. रविवार को अधिकतम तापमान में कुछ बढ़ोतरी होने की संभावना है. प्रदेश के करीब 40 जिलों में शनिवार को दिन का तापमान सामान्य से नीचे दर्ज किया गया.

शनिवार को प्रदेश में कई स्थानों पर अच्छी बारिश भी हुई. मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार आगरा में सबसे अधिक 94.4 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई. प्रयागराज में 70 मिलीमीटर, ललितपुर में 66 मिलीमीटर, गौतम बुद्ध नगर में 64.5 मिलीमीटर, बागपत में 54 मिलीमीटर और बुलंदशहर में भी 54 मिलीमीटर बारिश हुई.

मौसम विभाग का क्या है कहना?

मौसम विभाग के पूर्वानुमान से साफ है कि यूपी में बारिश का वितरण फिलहाल असमान रहेगा. दक्षिणी जिलों में जहां भारी बारिश देखने को मिल सकती है, वहीं लखनऊ और पूर्वी तथा पश्चिमी हिस्सों में हल्की बारिश के साथ उमस बढ़ने की संभावना है.