उत्तर प्रदेश के गोंडा में तरबगंज से बीजेपी विधायक प्रेम नारायण पांडेय की सुरक्षा को लेकर मामला सामने आया है. विधायक के बेटे विनोद कुमार पांडेय ने आरोप लगाया कि उनके पिता की रेकी की जा रही है और उन्हें नुकसान पहुंचाने की साजिश हो सकती है. पुलिस ने शिकायत के आधार पर केस दर्ज किया है.
गोंडा जिले की तरबगंज विधानसभा सीट से बीजेपी विधायक प्रेम नारायण पांडेय को कथित तौर पर जान से मारने की धमकी मिलने के बाद पुलिस ने जांच शुरू कर दी है. विधायक के बेटे और जिला पंचायत सदस्य विनोद कुमार पांडेय ने शुक्रवार को पुलिस को लिखित शिकायत दी. शिकायत में बेलसर नगर पंचायत के वार्ड नंबर छह में रहने वाले सुनील सिंह का नाम शामिल है. आरोप है कि सुनील सिंह ने विधायक को खुलेआम जान से मारने की धमकी दी और उन्हें एक हजार गोलियां मारने की बात कही. विनोद का दावा है कि सुनील अकेला नहीं है और उसके साथ 8-10 अन्य लोग भी विधायक की गतिविधियों पर नजर रख रहे हैं.
विधायक के बेटे ने पुलिस को धमकी से जुड़ी बातचीत का एक ऑडियो भी सौंपा है, जिसे पेन ड्राइव में सुरक्षित किया गया था. विनोद कुमार पांडेय का आरोप है कि उनके पिता को निशाना बनाने की तैयारी चल रही है और कुछ लोग उनकी आवाजाही पर नजर रखने के साथ घेराबंदी की कोशिश भी कर रहे हैं. शिकायत मिलने के बाद तरबगंज पुलिस ने एक नामजद व्यक्ति समेत कई अज्ञात लोगों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है. पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और ऑडियो समेत उपलब्ध दूसरे सबूतों की जांच की जा रही है.
प्रेम नारायण पांडेय गोंडा की तरबगंज विधानसभा सीट से बीजेपी के विधायक हैं. उन्होंने 2022 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में समाजवादी पार्टी के उम्मीदवार रामभजन चौबे को करीब 38 हजार वोटों के अंतर से हराकर जीत दर्ज की थी. इससे पहले 2017 के विधानसभा चुनाव में भी प्रेम नारायण पांडेय इसी सीट से बीजेपी के टिकट पर चुनाव जीत चुके हैं. तरबगंज सीट का पुराना नाम डिक्सिर था और पहले यह विधानसभा सीट आरक्षित थी. वर्ष 2012 में हुए परिसीमन के बाद सीट का नाम बदलकर तरबगंज किया गया और इसे सामान्य सीट बना दिया गया. ऐसे में विधायक के खिलाफ सामने आई धमकी के मामले ने उनकी सुरक्षा को लेकर भी सवाल खड़े किए हैं.