menu-icon
India Daily

'तुम मेरे लिए मर चुकी हो...', जिंदा पत्नी का किया पिंडदान, WhatsApp पर लिखा 'स्वर्गीय'; जानें क्या है पूरा मामला

फिरोजाबाद में पति-पत्नी के विवाद ने चौंकाने वाला मोड़ ले लिया. आरोप है कि पति ने जिंदा पत्नी का पिंडदान कर दिया, WhatsApp स्टेटस पर उसे 'स्वर्गीय' बताया और वीडियो पोस्ट कर दिया. शिकायत के बाद पुलिस मामले की जांच में जुटी है.

babli
Edited By: Babli Rautela
'तुम मेरे लिए मर चुकी हो...', जिंदा पत्नी का किया पिंडदान, WhatsApp पर लिखा 'स्वर्गीय'; जानें क्या है पूरा मामला
Courtesy: AI

उत्तर प्रदेश के फिरोजाबाद जिले से एक बेहद चौंकाने वाला मामला सामने आया है. यहां पति-पत्नी के विवाद ने ऐसा मोड़ ले लिया कि पति ने अपनी जीवित पत्नी का ही पिंडदान कर दिया. इतना ही नहीं, उसने पत्नी की तस्वीर के साथ अंतिम संस्कार की पूरी प्रक्रिया का वीडियो अपने WhatsApp स्टेटस पर शेयर कर दिया और नाम के आगे 'स्वर्गीय' लिख दिया. यह स्टेटस देखने के बाद रिश्तेदारों और परिचितों में हड़कंप मच गया. फिलहाल महिला की शिकायत पर पुलिस मामले की जांच कर रही है.

जानकारी के मुताबिक, झारखंड निवासी दीपा स्वर्णकार ने वर्ष 2014 में फिरोजाबाद के नगला विष्णु निवासी जितेंद्र प्रकाश से प्रेम विवाह किया था. शादी के शुरुआती दिनों के बाद दोनों के बीच विवाद बढ़ने लगे. महिला का आरोप है कि ससुराल पक्ष दहेज की मांग को लेकर उसे लगातार प्रताड़ित करता था.

मारपीट के बाद किया पिंडदान

महिला के अनुसार, 30 जुलाई को पति ने उसके साथ मारपीट की. जान बचाने के लिए उसने खुद को कमरे में बंद कर लिया. इसके बाद रविवार को पति यमुना किनारे पहुंचा और पत्नी की तस्वीर के साथ पिंडदान और अंतिम संस्कार की रस्में पूरी कीं. उसने बाल भी मुंडवाए और पत्नी की फोटो, फूल आदि यमुना में प्रवाहित किए. पति ने पूरी घटना का वीडियो अपने WhatsApp स्टेटस पर लगाया. इतना ही नहीं, पत्नी की तस्वीर के साथ उसके नाम के आगे 'स्वर्गीय' लिख दिया. स्टेटस देखने वाले रिश्तेदार और दोस्त यह समझ बैठे कि महिला की मौत हो गई है. इसके बाद लगातार उसके मोबाइल पर फोन आने लगे.

रिश्तेदारों के फोन से खुला मामला

दीपा ने बताया कि जब रिश्तेदारों और परिचितों ने फोन किया तो उन्हें पता चला कि उनके पति ने उन्हें मृत घोषित कर दिया है. लोगों को सच्चाई बताने के लिए महिला ने खुद अपने WhatsApp स्टेटस पर संदेश पोस्ट किया कि वह पूरी तरह सुरक्षित और जीवित हैं. महिला का आरोप है कि जब उसने पति की इस हरकत का विरोध किया तो उसने साफ शब्दों में कहा कि 'तुम मेरे लिए मर चुकी हो' और घर छोड़ने की धमकी भी दी. महिला का कहना है कि पति पहले भी कई बार जान से मारने की धमकी दे चुका है और उसके पास इसकी वीडियो रिकॉर्डिंग भी मौजूद है.

दो बच्चों की वजह से सहती रही प्रताड़ना

दीपा ने बताया कि उनके दो बच्चे हैं. बच्चों के भविष्य को देखते हुए वह लंबे समय से घरेलू हिंसा और उत्पीड़न सहन करती रहीं, लेकिन इस घटना के बाद वह मानसिक रूप से बेहद परेशान और अवसाद में हैं.