menu-icon
India Daily

संन्यास के बाद भी अजिंक्य रहाणे करेंगे मोटी कमाई, BCCI हर महीने देगी पेंशन

अजिंक्य रहाणे के इंटरनेशनल क्रिकेट से संन्यास के बाद उन्हें बीसीसीआई की पेंशन योजना का लाभ मिलेगा.

Ashutosh
Edited By: Ashutosh Rai
संन्यास के बाद भी अजिंक्य रहाणे करेंगे मोटी कमाई, BCCI हर महीने देगी पेंशन
Courtesy: X

भारतीय क्रिकेट टीम के अनुभवी बल्लेबाज अजिंक्य रहाणे ने हाल ही में इंटरनेशनल क्रिकेट को अलविदा कहा है. अब क्रिकेट के बाद के जीवन में उन्हें बीसीसीआई की पेंशन योजना का फायदा मिलेगा. इसके साथ ही मेडिकल इंश्योरेंस और जरूरत पड़ने पर अतिरिक्त आर्थिक सहायता जैसी सुविधाएं भी उन्हें मिलती रहेंगी.

हर महीने मिलेगी 70 हजार रुपये की पेंशन

अजिंक्य रहाणे ने भारत के लिए 85 टेस्ट, 90 वनडे और 20 टी20 इंटरनेशनल मुकाबले खेले हैं. बीसीसीआई की पेंशन नीति के अनुसार, जिन खिलाड़ियों ने भारत के लिए 25 या उससे अधिक टेस्ट मैच खेले हैं, उन्हें सबसे ऊंचे वर्ग में रखा जाता है. पहले इस वर्ग के खिलाड़ियों को हर महीने 50 हजार रुपये की पेंशन मिलती थी लेकिन 2022 में बीसीसीआई ने इसे बढ़ाकर 70 हजार रुपये प्रति माह कर दिया. इसी वजह से रहाणे को अब जीवनभर हर महीने 70 हजार रुपये की निश्चित पेंशन मिलेगी.

पेंशन के साथ जुड़ी है यह खास शर्त

बीसीसीआई की पेंशन योजना में एक अहम नियम भी शामिल है. अगर भविष्य में अजिंक्य रहाणे बीसीसीआई के साथ किसी आधिकारिक पद पर काम करते हैं, जैसे राष्ट्रीय टीम के कोच, सहायक कोच, चयनकर्ता या किसी प्रशासनिक जिम्मेदारी में शामिल होते हैं, तो उस दौरान उनकी पेंशन अस्थायी रूप से रोक दी जाएगी. क्योंकि उस समय उन्हें बोर्ड से नियमित वेतन मिलेगा. जैसे ही वह उस पद से हटेंगे, उनकी पेंशन दोबारा शुरू कर दी जाएगी. यानी यह सुविधा हमेशा रहेगी, लेकिन बोर्ड की नौकरी के दौरान लागू नहीं होगी.

मेडिकल इंश्योरेंस और भविष्य की नई भूमिका

पेंशन के अलावा रहाणे को बीसीसीआई और इंडियन क्रिकेटर्स एसोसिएशन की मेडिकल योजना का भी लाभ मिलेगा. उन्हें 10 लाख रुपये तक का मेडिकल इंश्योरेंस मिलेगा, जिसमें उनकी पत्नी और 25 साल से कम उम्र के अविवाहित बच्चों को भी शामिल किया गया है. अगर इलाज का खर्च इससे ज्यादा होता है तो वह बीसीसीआई के मेडिकल बेनेवोलेंट फंड से अतिरिक्त मदद भी ले सकते हैं. रहाणे ने संकेत दिया है कि वह क्रिकेट से पूरी तरह दूर नहीं होंगे और आने वाले समय में युवा खिलाड़ियों का मार्गदर्शन करने की भूमिका निभाना चाहते हैं.