menu-icon
India Daily

Sunil Grover Birthday: ₹500 महीने कमाने वाला लड़का कैसे बना 'गुत्थी'? आज करोड़ों दिलों पर राज करते हैं सुनील ग्रोवर

कभी 500 रुपये महीने कमाने वाले सुनील ग्रोवर ने रिजेक्शन, संघर्ष और मुश्किल दौर का सामना किया. लेकिन 'गुत्थी' और 'डॉ. मशहूर गुलाटी' जैसे किरदारों ने उन्हें देश के सबसे पसंदीदा कॉमेडियन और अभिनेता बना दिया.

babli
Edited By: Babli Rautela
Sunil Grover Birthday: ₹500 महीने कमाने वाला लड़का कैसे बना 'गुत्थी'? आज करोड़ों दिलों पर राज करते हैं सुनील ग्रोवर
Courtesy: Social Media

मुंबई: कॉमेडी की दुनिया में अपनी अलग पहचान बनाने वाले सुनील ग्रोवर आज किसी परिचय के मोहताज नहीं हैं. 'गुत्थी', 'डॉ. मशहूर गुलाटी' और 'रिंकू देवी' जैसे किरदारों से करोड़ों लोगों को हंसाने वाले सुनील का सफर बिल्कुल भी आसान नहीं रहा. कई रिजेक्शन, आर्थिक तंगी और संघर्ष के बाद उन्होंने वह मुकाम हासिल किया, जहां आज हर कोई उन्हें पसंद करता है. उनके जन्मदिन के मौके पर जानते हैं उनकी जिंदगी के कुछ दिलचस्प किस्से.

3 अगस्त 1977 को हरियाणा के सिरसा जिले के मंडी डबवाली में जन्मे सुनील ग्रोवर को बचपन से ही अभिनय और मिमिक्री का शौक था. स्कूल में होने वाले नाटकों में वह बढ़-चढ़कर हिस्सा लेते थे. उनके अभिनय से प्रभावित होकर एक कार्यक्रम के मुख्य अतिथि ने कहा था कि यह बच्चा आगे चलकर जरूर बड़ा कलाकार बनेगा.

जसपाल भट्टी ने दिया पहला बड़ा मौका

थिएटर में मास्टर डिग्री पूरी करने के बाद उनकी मुलाकात मशहूर कॉमेडियन जसपाल भट्टी से हुई. जसपाल ने उनके टैलेंट को पहचानते हुए 1995 में अपने शो 'फुल टेंशन' में काम करने का मौका दिया. यही उनके करियर की पहली बड़ी शुरुआत साबित हुई. एक्टर बनने का सपना लेकर सुनील मुंबई पहुंचे, लेकिन शुरुआत बेहद कठिन रही. छोटे-मोटे रोल मिले और कई बार रिजेक्शन का सामना करना पड़ा. उन्होंने खुद बताया था कि शुरुआती दिनों में उनकी कमाई सिर्फ 500 रुपये महीने के आसपास थी. कई बार परिवार की मदद और अपनी बचत के सहारे उन्होंने संघर्ष जारी रखा.

तीन दिन शूटिंग के बाद कर दिया गया था रिप्लेस

संघर्ष के दिनों का एक किस्सा आज भी सुनील नहीं भूलते. एक शो की तीन दिन तक शूटिंग करने के बाद उन्हें बिना बताए रिप्लेस कर दिया गया. इस घटना ने उनका आत्मविश्वास हिला दिया और उन्हें लगा कि शायद वे इस इंडस्ट्री के लिए नहीं बने हैं. हालांकि उन्होंने हार नहीं मानी और फिर से मेहनत शुरू कर दी.

टीवी, रेडियो और फिल्मों में लगातार काम करने के बाद साल 2013 में 'कॉमेडी नाइट्स विद कपिल' उनके करियर का सबसे बड़ा टर्निंग पॉइंट बना. 'गुत्थी' का किरदार इतना लोकप्रिय हुआ कि लोग उन्हें उनके असली नाम से ज्यादा गुत्थी के नाम से पहचानने लगे. बाद में 'द कपिल शर्मा शो' में 'डॉ. मशहूर गुलाटी' और 'रिंकू देवी' बनकर उन्होंने अपनी लोकप्रियता को नई ऊंचाई दी.

कपिल शर्मा से विवाद और फिर वापसी

2017 में कपिल शर्मा के साथ हुए विवाद के बाद सुनील ने शो छोड़ दिया. दोनों कई वर्षों तक साथ नजर नहीं आए. हालांकि 2024 में 'द ग्रेट इंडियन कपिल शो' के जरिए दोनों की जोड़ी फिर एक साथ दिखाई दी, जिसे दर्शकों ने खूब पसंद किया.

कॉमेडी के अलावा सुनील ग्रोवर ने फिल्मों और ओटीटी पर भी अपनी अभिनय क्षमता साबित की. 'प्यार तो होना ही था', 'गजनी', 'भारत', 'गुडबाय', 'जवान' जैसी फिल्मों के अलावा 'तांडव', 'सनफ्लावर' और 'यूनाइटेड कच्चे' जैसी वेब सीरीज में उनके गंभीर किरदारों की भी खूब सराहना हुई.