menu-icon
India Daily

माघ मेले में संगम पहुंचना होगा आसान, हर 5 मिनट में मिल सकती है ई-बस; 75 बसों का प्लान

प्रयागराज में माघ मेला 2027 को लेकर तैयारियां अभी से शुरू हो गई हैं. श्रद्धालुओं की आवाजाही को आसान बनाने के लिए यूपी रोडवेज 50 एसी इलेक्ट्रिक शटल बसें चलाने की तैयारी कर रहा है.

shanu
Edited By: Shanu Sharma
माघ मेले में संगम पहुंचना होगा आसान, हर 5 मिनट में मिल सकती है ई-बस; 75 बसों का प्लान
Courtesy: ANI

उत्तर प्रदेश में माघ मेले का आयोजन किया गया है. इस दौरान संगम स्नान के लिए प्रयागराज आने वाले श्रद्धालुओं के लिए परिवहन की बेहतर सुविधा उपलब्ध कराने की कोशिश की जा रही है. इस बार मेले के दौरान अत्याधुनिक इलेक्ट्रिक बसों को शटल सेवा में लगाया जाएगा. 

भीड वाले दिनों में बसों की संख्या और फेरे जरूरत के मुताबिक बढाए जाएंगे. खासतौर पर प्रमुख स्नान पर्वों के दौरान यात्रियों को लंबे समय तक बस का इंतजार न करना पडे, इसके लिए शटल सेवा की आवृत्ति बढाने की योजना है.

भगवा रंग की एसी ई-बसें होंगी तैनात

प्रयागराज सिटी ट्रांसपोर्ट सर्विसेज लिमिटेड के निदेशक रविंद्र कुमार के अनुसार, माघ मेले के लिए 50 इलेक्ट्रिक बसें शटल सेवा में लगाई जाएंगी. ये वातानुकूलित बसें श्रद्धालुओं को आरामदायक यात्रा देने के साथ शहर में प्रदूषण और धुएं को कम करने में भी मदद करेंगी. इलेक्ट्रिक बसों के संचालन से मेले के दौरान वाहनों की भीड और जाम के बीच श्रद्धालुओं को आवागमन में राहत मिलने की उम्मीद है. खास बात यह है कि बसों को मेला क्षेत्र की जरूरत के अनुसार अलग-अलग रूट पर चलाया जा सकेगा.

यूपी रोडवेज ने केवल 50 बसों पर निर्भर रहने के बजाय अतिरिक्त व्यवस्था का विकल्प भी तैयार रखा है. अगर माघ मेले में श्रद्धालुओं की संख्या अनुमान से अधिक बढती है, तो जनवरी 2027 की शुरुआत में लखनऊ, कानपुर और वाराणसी से 25 अतिरिक्त इलेक्ट्रिक बसें प्रयागराज लाई जा सकती हैं. इस अतिरिक्त व्यवस्था के बाद मेले में कुल 75 एसी इलेक्ट्रिक बसों का संचालन संभव होगा. इससे प्रमुख स्नान पर्वों के दौरान बढने वाली भीड को संभालने में मदद मिलेगी.

महाकुंभ के मॉडल को किया जाएगा लागू

अधिकारियों के मुताबिक, महाकुंभ के दौरान बाहरी शहरों से इलेक्ट्रिक बसें मंगाकर यात्रियों को परिवहन सुविधा दी गई थी. उस व्यवस्था से मिले अनुभव को देखते हुए माघ मेले के लिए भी इसी तरह की योजना तैयार की जा रही है. रोडवेज का लक्ष्य श्रद्धालुओं को रेलवे स्टेशन और पार्किंग स्थलों से संगम तक सुगम कनेक्टिविटी देना है. अगर अतिरिक्त बसों की जरूरत पडती है तो उन्हें समय रहते प्रयागराज लाकर सेवा में शामिल किया जाएगा. इससे माघ मेले में श्रद्धालुओं की यात्रा को अधिक व्यवस्थित और सुविधाजनक बनाने की कोशिश होगी.