menu-icon
India Daily

 UPITS-2026 को वैश्विक पहचान दिलाने की तैयारी! 85 देशों की भागीदारी का लक्ष्य, सीएम योगी ने दिए बड़े निर्देश

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने UPITS-2026 की तैयारियों की समीक्षा की. 85 देशों की भागीदारी, 2,400 से अधिक प्रदर्शकों और लाखों आगंतुकों के साथ उत्तर प्रदेश वैश्विक निवेश आकर्षित करेगा.

Sagar
Edited By: Sagar Bhardwaj
 UPITS-2026 को वैश्विक पहचान दिलाने की तैयारी! 85 देशों की भागीदारी का लक्ष्य, सीएम योगी ने दिए बड़े निर्देश
Courtesy: X

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को उत्तर प्रदेश इंटरनेशनल ट्रेड शो (UPITS)-2026 की तैयारियों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को आयोजन को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सफल बनाने के निर्देश दिए. उन्होंने कहा कि यह आयोजन केवल एक व्यापार प्रदर्शनी नहीं, बल्कि उत्तर प्रदेश की औद्योगिक क्षमता, नवाचार, निर्यात क्षमता और निवेश के अनुकूल माहौल को दुनिया के सामने प्रस्तुत करने का महत्वपूर्ण अवसर है. मुख्यमंत्री ने इसे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 'मेक इन इंडिया' और 'मेक फॉर द वर्ल्ड' विजन को आगे बढ़ाने वाला प्रभावी वैश्विक मंच बताया.

 85 देशों की भागीदारी का लक्ष्य

मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए कि 25 से 29 सितंबर तक ग्रेटर नोएडा स्थित इंडिया एक्सपो सेंटर एंड मार्ट में आयोजित होने वाले UPITS-2026 का देश और विदेश में व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए. इस वर्ष आयोजन की थीम 'UP for Global Growth: Innovation, Manufacturing and Exports' रखी गई है. सरकार ने इस आयोजन में 2,400 से अधिक प्रदर्शकों, 1.50 लाख से अधिक B2B खरीदारों, 4.50 लाख से अधिक B2C आगंतुकों और 85 देशों से 550 से अधिक अंतरराष्ट्रीय खरीदारों की भागीदारी का लक्ष्य निर्धारित किया है.

 बड़े निवेश और कारोबार की उम्मीद

राज्य सरकार को उम्मीद है कि ट्रेड शो के दौरान 4,000 से अधिक समझौता ज्ञापनों (MoU) पर सहमति बनेगी. इसके अलावा 3,200 करोड़ रुपये से अधिक के प्रस्तावित निवेश समझौते और 13,500 करोड़ रुपये से अधिक की बिजनेस इंक्वायरी का लक्ष्य रखा गया है. मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को सिंगापुर, ओमान, ऑस्ट्रिया, ब्राजील, थाईलैंड, जापान, इंडोनेशिया, रूस सहित कई देशों के साथ सक्रिय संवाद बढ़ाने और उनकी अधिकतम भागीदारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए.

 विदेशी मेहमानों के लिए विशेष व्यवस्था

योगी आदित्यनाथ ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय खरीदारों, निवेशकों और आगंतुकों को बेहतर अनुभव देने के लिए 'उद्यमी मित्र' तैनात किए जाएं. उन्होंने स्थानीय विश्वविद्यालयों और उच्च शिक्षण संस्थानों के विद्यार्थियों की भी अधिक से अधिक भागीदारी सुनिश्चित करने को कहा, ताकि आयोजन में युवा शक्ति की भूमिका भी मजबूत हो. इससे विदेशी प्रतिनिधियों को स्थानीय स्तर पर बेहतर सहयोग और मार्गदर्शन मिल सकेगा.

 यातायात, सुरक्षा और सुविधाओं पर रहेगा फोकस

मुख्यमंत्री ने ट्रैफिक प्रबंधन, पार्किंग, सुरक्षा व्यवस्था, स्वच्छता और अन्य बुनियादी सुविधाओं को समय से तैयार करने के निर्देश दिए. उन्होंने आगंतुकों की सुविधा के लिए ईवी बसों के संचालन की व्यवस्था सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया. सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ तय समयसीमा में तैयारियां पूरी करने को कहा गया है.

 वैश्विक निवेश का नया केंद्र बनेगा उत्तर प्रदेश

मुख्यमंत्री ने कहा कि UPITS-2026 उत्तर प्रदेश की औद्योगिक प्रगति, निर्यात क्षमता और वैश्विक प्रतिस्पर्धा को नई पहचान देगा. यह आयोजन राज्य को निवेश, विनिर्माण और व्यापार के प्रमुख केंद्र के रूप में स्थापित करने की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा. सरकार का लक्ष्य है कि इस मंच के जरिए प्रदेश के उत्पादों को अंतरराष्ट्रीय बाजार तक पहुंच मिले और रोजगार के नए अवसर भी सृजित हों.