लखनऊ: नीट यूपी री-एग्जाम 2026 में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों के लिए रेलवे ने विशेष व्यवस्था की है. परीक्षार्थियों को परीक्षा केंद्रों तक आसानी से पहुंचाने के लिए 21 जून को कई परीक्षा स्पेशल ट्रेनें चलाई जाएंगी. पूर्वोत्तर रेलवे और उत्तर रेलवे दोनों ने छात्रों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए विशेष ट्रेनों के संचालन की घोषणा की है.
पूर्वोत्तर रेलवे लखनऊ मंडल के जनसंपर्क अधिकारी महेश गुप्ता के अनुसार गोरखपुर और लखनऊ के बीच चार जनरल परीक्षा स्पेशल ट्रेनें चलाई जाएंगी. इन ट्रेनों का उद्देश्य दूरदराज के क्षेत्रों से आने वाले छात्रों को समय पर परीक्षा केंद्र तक पहुंचाना है. सभी ट्रेनें सामान्य द्वितीय श्रेणी यानी जनरल कोच के साथ संचालित होंगी.
स्पेशल ट्रेन संख्या 05007 गोरखपुर से सुबह 4:05 बजे रवाना होगी और खलीलाबाद, बस्ती, बभनान, मनकापुर, गोंडा, करनैलगंज, बाराबंकी और बादशाहनगर होते हुए सुबह 10:00 बजे लखनऊ जंक्शन पहुंचेगी. इसी प्रकार वापसी में ट्रेन संख्या 05008 लखनऊ से शाम 7:15 बजे रवाना होगी और अगले दिन रात 1:15 बजे गोरखपुर पहुंचेगी.
इसके अलावा दूसरी स्पेशल ट्रेन संख्या 05036 लखनऊ से सुबह 4:40 बजे चलेगी और विभिन्न स्टेशनों पर रुकते हुए सुबह 10:05 बजे गोरखपुर पहुंचेगी. वहीं ट्रेन संख्या 05035 गोरखपुर से शाम 7:15 बजे चलकर अगले दिन रात 1:10 बजे लखनऊ पहुंचेगी. इन सभी ट्रेनों में 10-10 जनरल कोच लगाए जाएंगे ताकि अधिक संख्या में छात्र यात्रा कर सकें.
उत्तर रेलवे, लखनऊ मंडल ने भी परीक्षार्थियों के लिए विशेष व्यवस्था की है. रेलवे 21 जून को लखनऊ से वाराणसी और प्रयागराज के लिए परीक्षा स्पेशल ट्रेनें चलाएगा. दोनों ट्रेनें पूरी तरह अनारक्षित होंगी ताकि छात्रों को टिकट की परेशानी न हो. इनमें से एक ट्रेन में 11 कोच और दूसरी में 14 कोच लगाए जाएंगे.
रेलवे अधिकारियों का कहना है कि परीक्षा के दिन यात्रियों की बढ़ी हुई संख्या को देखते हुए यह निर्णय लिया गया है. इससे छात्रों को सुरक्षित और सुविधाजनक यात्रा का विकल्प मिलेगा तथा परीक्षा केंद्रों तक पहुंचने में आसानी होगी.
दूसरी ओर दिल्ली-सहारनपुर रेल मार्ग पर चल रहे मेगा ब्लॉक के कारण कई ट्रेनों का संचालन प्रभावित हुआ है. मुजफ्फरनगर और मोदीनगर के बीच रेलवे पुल संख्या 61 पर स्टील गार्डर बदलने का कार्य किया जा रहा है. इसके चलते 15 घंटे 25 मिनट का मेगा ब्लॉक लगाया गया है.
मेगा ब्लॉक के कारण कई ट्रेनें प्रभावित हुई हैं और दैनिक यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा. बड़ी संख्या में यात्रियों ने शुक्रवार को रोडवेज बसों का सहारा लिया. रेलवे अधिकारियों ने यात्रियों को यात्रा से पहले ट्रेन की स्थिति जांचने की सलाह दी है.