menu-icon
India Daily

UP Weather: लखनऊ से प्रयागराज तक लू का खतरा, मौसम विभाग ने दी ये चेतावनी; यूपी के 25 जिलों में अलर्ट

उत्तर प्रदेश में लू और भीषण गर्मी का दौर जारी है. लखनऊ, प्रयागराज और वाराणसी समेत 25 जिलों में यलो अलर्ट जारी किया गया है. चलिए जानते हैं आने वाले दिनों में कैसा रहेगा मौसम.

Km Jaya
Edited By: Km Jaya
UP Weather: लखनऊ से प्रयागराज तक लू का खतरा, मौसम विभाग ने दी ये चेतावनी; यूपी के 25 जिलों में अलर्ट
Courtesy: Pinterest

लखनऊ: उत्तर प्रदेश में भीषण गर्मी और लू का असर लगातार बना हुआ है. मौसम विभाग ने राज्य के कई जिलों में अगले एक सप्ताह तक गर्म हवाएं चलने की संभावना जताई है. विभाग के अनुसार फिलहाल प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में बारिश के कोई मजबूत आसार नहीं हैं. इस कारण लोगों को अभी गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद कम है.

मौसम विभाग ने लखनऊ, प्रयागराज, वाराणसी समेत 25 जिलों के लिए लू का यलो अलर्ट जारी किया है. इन जिलों में दिन के समय तेज गर्म हवाएं चल सकती हैं और तापमान में भी बढ़ोतरी दर्ज की जा सकती है. लोगों को दोपहर के समय घर से बाहर निकलने में सावधानी बरतने की सलाह दी गई है.

कितना था तापमान?

मौसम विज्ञान केंद्र के वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने बताया कि शनिवार से राजधानी लखनऊ में भी लू का प्रभाव साफ दिखाई देगा. शुक्रवार को लखनऊ का अधिकतम तापमान 40.3 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 29.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. बढ़ते तापमान के कारण लोगों को दिन और रात दोनों समय गर्मी का सामना करना पड़ रहा है.

मौसम विभाग ने क्या बताया?

शुक्रवार को बांदा जिला पूरे उत्तर प्रदेश में सबसे गर्म स्थान रहा. यहां अधिकतम तापमान 43.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. मौसम विभाग के अनुसार पूर्वी उत्तर प्रदेश के कई जिलों में तापमान सामान्य से 3 से 5 डिग्री तक अधिक चल रहा है.

मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि अगले दो दिनों में तापमान में 1 से 2 डिग्री सेल्सियस तक और बढ़ोतरी हो सकती है. हालांकि कुछ स्थानों पर हल्की बारिश या बादल छाने की संभावना भी बनी हुई है. इसके बावजूद व्यापक स्तर पर बारिश की संभावना फिलहाल नहीं दिखाई दे रही है. रात के तापमान में भी सामान्य से 1 से 3 डिग्री तक की बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है. लोगों को रात में भी गर्म मौसम का सामना करना पड़ सकता है.

आने वाले दिनों में कैसा रहेगा मौसम?

मौसम विभाग ने उम्मीद जताई है कि 23 जून तक उत्तर प्रदेश में मॉनसून पहुंच सकता है. हाल के दिनों में अरब सागर से आने वाली नमी कमजोर पड़ने के कारण मॉनसून की रफ्तार धीमी हुई है. वहीं उत्तर पश्चिम भारत में चल रही गर्म और शुष्क हवाओं का भी असर बना हुआ है. आने वाला पश्चिमी विक्षोभ इस स्थिति में बदलाव ला सकता है. इससे वातावरण में नमी बढ़ेगी और मॉनसून के आगे बढ़ने के लिए अनुकूल परिस्थितियां बन सकती हैं. ऐसे में 23 जून के आसपास प्रदेश के लोगों को गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद है.

Topics