menu-icon
India Daily

राजस्थान में नशे के खिलाफ बड़ी कार्रवाई, तीन ट्रकों से 18.39 क्विंटल गांजा बरामद; 7 तस्कर गिरफ्तार

चित्तौड़गढ़ पुलिस ने 'ऑपरेशन त्रिनेत्र' के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन ट्रकों से 1839 किलो 670 ग्राम गांजा बरामद किया है. तस्करों ने गांजे को पेंट की बाल्टियों और नर्सरी के पौधों की आड़ में छिपा रखा था.

Km Jaya
Edited By: Km Jaya
राजस्थान में नशे के खिलाफ बड़ी कार्रवाई, तीन ट्रकों से 18.39 क्विंटल गांजा बरामद; 7 तस्कर गिरफ्तार
Courtesy: ChatGPT (Representative image)

राजस्थान में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन त्रिनेत्र’ के तहत चित्तौड़गढ़ पुलिस ने गांजा तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है. पुलिस ने तीन ट्रकों से करीब 18.39 क्विंटल गांजा बरामद किया है. बरामद गांजे का कुल वजन 1839 किलो 670 ग्राम बताया गया है. पुलिस ने तीनों ट्रकों को जब्त कर सात आरोपियों को गिरफ्तार किया है. बरामद गांजे की अनुमानित बाजार कीमत करीब 4 करोड़ रुपये बताई गई है.

पुलिस के अनुसार तस्करों ने गांजे को पुलिस की नजर से बचाने के लिए अलग-अलग सामान की आड़ में छिपाया था. दो ट्रकों में एशियन पेंट की कलर बाल्टियां भरी हुई थीं, जबकि एक ट्रक में नर्सरी के पौधे लदे थे. इन्हीं सामानों के बीच गांजे को छिपाकर ले जाया जा रहा था.

59 कट्टों में मिले 515 पैकेट

तलाशी के दौरान पुलिस को तीनों ट्रकों में कुल 59 कट्टे मिले. इन कट्टों के अंदर गांजे के 515 पैकेट रखे गए थे. जांच के बाद इन पैकेटों से कुल 18 क्विंटल 39 किलो 670 ग्राम गांजा बरामद हुआ. पुलिस ने मादक पदार्थ को जब्त करने के साथ तीनों ट्रकों को भी कब्जे में ले लिया.

नाकाबंदी देखकर भागने की कोशिश

पुलिस के मुताबिक, नीमच-चित्तौड़गढ़ हाईवे पर नाकाबंदी की जा रही थी. इसी दौरान सदर निंबाहेड़ा थाना क्षेत्र के अहीरपुरा में तीन 12 चक्का ट्रक आते दिखाई दिए. पुलिस को देखकर ट्रकों में सवार लोगों ने उन्हें भगाने का प्रयास किया. पुलिस टीम ने पीछा कर तीनों ट्रकों को रोक लिया. इसके बाद पुलिस ने ट्रकों की तलाशी ली. तलाशी के दौरान अलग-अलग सामान के बीच छिपाकर रखा गया गांजा बरामद हुआ. इसके बाद पुलिस ने सातों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया.

सात आरोपियों की गिरफ्तारी

पुलिस ने जिन आरोपियों को गिरफ्तार किया है, उनमें कपासन निवासी जगदीश जाट, सुरेश रेगर और बंशीलाल जाट शामिल हैं. इसके अलावा पारसोली निवासी राजकुमार उर्फ राजू मेवाड़ा कलाल और सद्दाम शेख को भी पकड़ा गया है. रायपुर, भीलवाड़ा निवासी राजमल उर्फ राजू जाट और दिनेश लोहार भी पुलिस की गिरफ्त में हैं.

तस्करी नेटवर्क की जांच जारी

गांजा बरामद होने के बाद पुलिस अब पूरे तस्करी नेटवर्क की जानकारी जुटा रही है. आरोपियों से पूछताछ कर यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि इतनी बड़ी मात्रा में गांजा कहां से लाया गया था और इसे किस स्थान पर पहुंचाया जाना था. पुलिस गांजा तस्करी से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच कर रही है.