menu-icon
India Daily

सड़क हादसे में बेटे की मौत की खबर सुन पिता ने भी तोड़ा दम, एक ही घर से उठीं दो अर्थियां

प्रयागराज के सोरांव में सड़क हादसे में बेटे की मौत की खबर सुनकर पिता को ऐसा सदमा लगा कि उनकी भी जान चली गई. कुछ ही घंटों के अंतराल में पिता-पुत्र की मौत से परिवार में कोहराम मच गया.

shanu
Edited By: Shanu Sharma
सड़क हादसे में बेटे की मौत की खबर सुन पिता ने भी तोड़ा दम, एक ही घर से उठीं दो अर्थियां
Courtesy: Pinaterest

प्रयागराज के गंगापार क्षेत्र के सोरांव में रविवार को एक दर्दनाक घटना ने पूरे गांव को गम में डुबो दिया. दाउदपुर नवादा गांव निवासी शिवम यादव उर्फ सोनू बाइक से कलंदरपुर से सोरांव की ओर जा रहे थे. इसी दौरान माधोपुर संघनगंज के पास सामने से आ रही तेज रफ्तार मारुति कार ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी.

टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि शिवम गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े. स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से घायल शिवम को प्रयागराज के एक निजी अस्पताल ले जाया गया. जहां इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया.

सदमा नहीं झेल पाए पिता

शिवम की मौत की खबर जब उनके घर पहुंची तो परिवार में चीख-पुकार मच गई. बेटे की मौत की खबर सुनकर उनके पिता राम सिंह सदमे में आ गए. अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई और वह अचेत होकर गिर पड़े. परिजन उन्हें तत्काल शांतिपुरम स्थित एक निजी अस्पताल लेकर पहुंचे. वहां डॉक्टरों ने जांच के बाद राम सिंह को मृत घोषित कर दिया. बेटे की मौत के कुछ ही समय बाद पिता की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा.

एक ही परिवार में कुछ घंटों के भीतर दो मौतों की खबर से दाउदपुर नवादा गांव में शोक की लहर दौड़ गई. रविवार को जब एक ही घर से पिता और पुत्र की अर्थियां उठीं तो गांव का माहौल गमगीन हो गया. परिजनों के साथ बड़ी संख्या में ग्रामीण भी अंतिम संस्कार में शामिल हुए.

कार छोड़कर चालक मौके से फरार

हादसे के बाद कार चालक वाहन को घटनास्थल पर छोड़कर फरार हो गया. सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और दुर्घटनाग्रस्त कार को कब्जे में ले लिया. पुलिस वाहन के पंजीकरण नंबर के आधार पर चालक की पहचान और तलाश में जुटी है. सोरांव थाना प्रभारी दीनदयाल सिंह ने बताया कि परिजनों की तहरीर के आधार पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है. पुलिस फरार चालक की तलाश के साथ मामले की आगे की जांच कर रही है.