menu-icon
India Daily

पर्दे के पीछे रहकर देश की सुरक्षा में निभाई बड़ी भूमिका, अब आर. एन. काओ की कहानी दिखाएंगे करण जौहर

करण जौहर ने R&AW के संस्थापक रामेश्वर नाथ काओ की जिंदगी और उनकी भूमिका पर आधारित फिल्म का ऐलान किया है. नितिन गोखले की किताब R.N. Kao: Gentleman Spymaster पर आधारित यह प्रोजेक्ट पहली घोषणा के करीब छह साल बाद फिर शुरू हुआ है.

babli
Edited By: Babli Rautela
पर्दे के पीछे रहकर देश की सुरक्षा में निभाई बड़ी भूमिका, अब आर. एन. काओ की कहानी दिखाएंगे करण जौहर
Courtesy: Social Media

बॉलीवुड फिल्ममेकर करण जौहर ने भारत की खुफिया एजेंसी रिसर्च एंड एनालिसिस विंग यानी R&AW के संस्थापक रामेश्वर नाथ काओ की कहानी को बड़े पर्दे पर लाने का ऐलान किया है. यह फिल्म नितिन गोखले की किताब R.N. Kao: Gentleman Spymaster पर आधारित होगी. फिल्म का आधिकारिक टाइटल फिलहाल सामने नहीं आया है. खास बात यह है कि करण जौहर ने इस प्रोजेक्ट की घोषणा पहली बार करीब छह साल पहले की थी. अब 21 सितंबर को उन्होंने सोशल मीडिया के जरिए इस फिल्म को दोबारा शुरू करने की जानकारी दी. यह दिन R&AW की स्थापना के 58 साल पूरे होने से भी जुड़ा है.

6 साल बाद दोबारा शुरू हुआ प्रोजेक्ट

करण जौहर ने सोशल मीडिया पर एक अनाउंसमेंट वीडियो शेयर करते हुए आर. एन. काओ की कहानी की झलक दिखाई. उन्होंने अपने पोस्ट में काओ की उस भूमिका को रेखांकित किया, जिसमें उन्होंने पर्दे के पीछे रहते हुए देश की बाहरी खुफिया व्यवस्था को आकार देने में अहम योगदान दिया. फिल्ममेकर के मुताबिक, आर. एन. काओ ने ऐसी संस्था की नींव रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई, जिसे आज R&AW के नाम से जाना जाता है. फिल्म के जरिए उनके जीवन और उनकी विरासत को दर्शकों के सामने लाने की कोशिश की जाएगी.

 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 

A post shared by Karan Johar (@karanjohar)

1955 से 1971 तक की कहानी पर फोकस

बताया गया है कि फिल्म की कहानी आर. एन. काओ के करियर के उस दौर पर केंद्रित होगी, जो 1955 से 1971 तक फैला हुआ है. इस दौरान भारत की बाहरी खुफिया जरूरतों से लेकर एक अलग खुफिया संगठन के गठन तक के घटनाक्रम को कहानी में शामिल किया जाएगा. फिल्म में R&AW के गठन और उसके शुरुआती दौर को भी दिखाया जाएगा. इसके साथ ही 1971 के भारत-पाकिस्तान युद्ध के दौरान एजेंसी के शुरुआती मिशन को भी कहानी का हिस्सा बनाया गया है. इस वजह से फिल्म में सिर्फ एक व्यक्ति की जीवनी के बजाय उस दौर की रणनीतिक और खुफिया पृष्ठभूमि को भी दिखाने की कोशिश की जाएगी.

11 अगस्त 2028 को होगी रिलीज

मेकर्स ने फिल्म की रिलीज डेट भी घोषित कर दी है. यह फिल्म 11 अगस्त 2028 को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है. रिलीज की तारीख स्वतंत्रता दिवस के आसपास पड़ती है, जिससे फिल्म की टाइमिंग भी खास मानी जा रही है.

हालांकि अभी फिल्म की स्टार कास्ट को लेकर आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है. फिल्म में आर. एन. काओ का किरदार कौन निभाएगा, इसका खुलासा भी नहीं किया गया है. डायरेक्टर और प्रोजेक्ट से जुड़ी क्रिएटिव टीम के अन्य सदस्यों की जानकारी भी फिलहाल सामने नहीं आई है.