Lucknow Triple Talaq: लखनऊ के काकोरी इलाके से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है, जहां एक महिला को दहेज की मांग पूरी न कर पाने पर न सिर्फ प्रताड़ित किया गया, बल्कि उसके साथ क्रूरता की गई. पीड़िता ने पति और ससुरालवालों के खिलाफ पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है.
काकोरी की रहने वाली पीड़िता का निकाह करीब दो साल पहले हरदोई के संडीला निवासी वसी अहमद के साथ हुआ था, लेकिन शादी के बाद से ही उसे दहेज के लिए प्रताड़ित किया जाने लगा. शादी के शुरुआती कुछ महीनों तक सबकुछ ठीक था, लेकिन इसके बाद ससुरालवालों ने एसी और कार की मांग करनी शुरू कर दी.
महिला का कहना है कि मांगें पूरी न होने पर उसे मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया गया. यही नहीं, उसकी छह महीने की बच्ची के साथ भी गलत व्यवहार किया गया. पीड़िता के अनुसार, 27 मई को दहेज को लेकर उसकी बुरी तरह पिटाई की गई और उसे आग लगाकर मारने की कोशिश की गई. उसने तुरंत पुलिस को इसकी जानकारी दी. पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की, लेकिन आरोपी पति ने उस समय माफी मांगकर मामला शांत करवा दिया.
अगले ही दिन यानी 28 मई को, महिला के परिजनों के सामने ही उसके पति ने गालियां दीं और तीन तलाक बोलकर उसे घर से निकाल दिया. पुलिस का कहना है, 'महिला की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया गया है. जांच जारी है और साक्ष्य के आधार पर आरोपियों पर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी.' क्या एसी या कार किसी रिश्ते की बुनियाद हो सकती है? यह मामला न सिर्फ महिला के साथ हुए अन्याय को दर्शाता है, बल्कि समाज के उस कड़वे सच को भी उजागर करता है, जिसमें दहेज अब भी एक ज़हर की तरह रिश्तों को मार रहा है.