ग्रेटर नोएडाः ग्रेटर नोएडा में लगातार वीडियो वायरल होने का सिलसिला जारी है. एक बार फिर काली थार सड़क पर आतंक मचाती दिख रही है. अल्फा-1 सेक्टर में सोमवार को लापरवाही भरी ड्राइविंग का यह मामला सामने आया है. वायरल हुए वीडियो में थार सड़क किनारे खड़ी गाड़ी को टक्कर मार देती है. घटना के बाद चालक मौके से फरार हो गया. पूरी घटना पास लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई. घटना का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है.
सीसीटीवी फुटेज में साफ दिखाई दे रहा है कि दोपहर करीब डेढ़ बजे एक थार चालक ने कार को टक्कर मार दी. इससे पिछला हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया. पुलिस मामले की जांच में जुटी है. इस हादसे के वक्त कार के आसपास कोई मौजूद नहीं था, वरना बड़ा हादसा हो सकता था. स्थानीय लोगों का कहना है कि घटना की सूचना पुलिस को दी गई है. वहीं बीटा-2 कोतवाली पुलिस का कहना है कि मामले में तहरीर नहीं मिली है. शिकायत मिलने पर जांच की जाएगी.
यूपी | ग्रेटर नोएडा में ब्लैक थार ने सड़क किनारे खड़ी गाड़ी को टक्कर मार दी !!
— Sachin Gupta (@SachinGuptaUP) February 2, 2026
आनंद महिन्द्रा जी, आपने थार में सींग वगैरह लगवा दिए हैं क्या? कभी चलते–चलते को ठोकती है, कभी चुपचाप खड़ी गाड़ी को टक्कर मारकर भाग जाती है। ऐसा कोई दिन नहीं जाता, जब थार के कांड सामने न हों... pic.twitter.com/Vsns2sZPEM
वायरल वीडियो को देख एक यूजर ने लिखा कि होमोथारियन्स चाहते हैं कि सड़क पर थार के अलावा कुछ भी नहीं हो. होमोथारियन्स सड़क को अपने बाप की जागीर समझते हैं और सड़क पर चल रहा हर जीव इनके लिए भक्ष्य होता है, क्योंकि 12-15 लाख की गाड़ी खरीद लेने के बाद इनके अंदर हार्मोनल असंतुलन शुरू हो जाता है. ये सड़क के राजा हो जाते हैं.
ऐसा कोई दिन नहीं जाता, जब थार के कांड सामने न आते हों. थार के चालकों को देख लोग क्या पुलिस भी चौंकन्ना हो जाती है. ग्रेटर नोएडा और ग्रेनो वेस्ट के लोग इन चालकों से कई समय से परेशान हैं. लोगों ने पुलिस से इन थार के ड्रावर को जल्द से जल्द पकड़ने और इन पर नकेल कसने की गुहार लगाई है.
थार से जुड़े हादसे और रौब दिखाने वाले वीडियो लगातार वायरल होते रहते हैं. लोग मांग कर रहे हैं कि महिंद्रा कंपनी को ऐसी गाड़ियों के लिए सख्त नियम बनाने चाहिए. ड्राइवरों को ट्रेनिंग, हाई-स्पीड अलर्ट सिस्टम या फिर स्टेटस सिंबल वाली इन गाड़ियों पर स्पेशल चेक. सड़क पर रेसिंग नहीं, जिंदगी बचानी है.