कानपुर: आईआईटी कानपुर के एक प्रोफेसर दंपति के बीच विवाद इतना बढ़ गया कि पत्नी को पुलिस के पास जाना पड़ा. पत्नी ने पति पर घरेलू हिंसा, शारीरिक और मानसिक उत्पीड़न तथा वैवाहिक क्रूरता के गंभीर आरोप लगाए हैं. मामला कल्याणपुर थाने में दर्ज किया गया है.
पीड़िता अन्वेष्णा श्रीवास्तव आईआईटी कानपुर के डिपार्टमेंट ऑफ कॉग्निटिव साइंस में असिस्टेंट प्रोफेसर हैं. उनके पति निशीथ श्रीवास्तव कंप्यूटर साइंस और इंजीनियरिंग विभाग में प्रोफेसर हैं. दोनों की शादी 14 दिसंबर 2012 को हुई थी और उनके दो बच्चे हैं.
अन्वेष्णा ने अपनी शिकायत में बताया कि पिछले कुछ महीनों से घर का माहौल लगातार तनावपूर्ण बना हुआ है. उन्हें पता चला कि उनके पति के अवैध संबंध चल रहे हैं. दिसंबर 2025 में जब उन्होंने पूछताछ की तो पति ने खुद इन संबंधों को स्वीकार कर लिया.
अन्वेष्णा का आरोप है कि वर्ष 2022 में उनके पति का एक विवाहित पीएचडी छात्रा से अवैध संबंध था. नवंबर 2025 से पति अपनी एक सहकर्मी महिला प्रोफेसर के साथ अनुचित संबंध में हैं. जब उन्होंने इसका विरोध किया तो पति ने उन्हें सब सह लेने की सलाह दे दी.
अन्वेष्णा के अनुसार 11 नवंबर 2025 को पति ने घर में तोड़फोड़ शुरू कर दी. उन्होंने खौलता दूध और चाय फर्श तथा छत पर फेंक दिया. शादी की तस्वीरों पर हथौड़ा चलाकर उन्हें तोड़ दिया और जला दिया. बच्चों की किताबें और सामान दीवार पर फेंके.
पीड़िता का कहना है कि पति ने उन्हें बच्चों के कमरे से घसीटकर बाहर निकाला, फर्श पर पटक दिया और चेहरे व सिर पर 7-8 थप्पड़ मारे. इसके साथ ही उन्होंने जबरन शारीरिक संबंध बनाने की कोशिश भी की. रसोई से चाकू लाकर डराने और धमकाने का भी आरोप लगाया गया है.
अन्वेष्णा ने बताया कि इस घटना के बाद वह और उनके बच्चे लगातार डर के माहौल में जी रहे हैं. बच्चों को भी पिता से डर लगने लगा है. कल्याणपुर पुलिस ने शिकायत पर मुकदमा दर्ज कर लिया है और जांच शुरू कर दी है. एसीपी ने पुष्टि की कि केस दर्ज हो गया है और मामले की जांच की जा रही है.